Rescue Operation में तेंदुए ने किया हमला, दो वनकर्मी घायल, बेहोश करके पकड़ा जाएगा तेंदुआ
श्रावस्ती के रमखड़वा खेड़ा में फूस के घर में आठ घंटे से घुसा तेंदुआ हमले में वनकर्मी हुए घायल।
श्रावस्ती, जेएनएन। रमखड़वा गांव में फूस के घर में घुसे तेंदुए को पकड़ने केे लिए बहराइच के डीएफओ मनीष सिंह के साथ कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग से पांच लोगों की टीम पहुंची। वन कर्मी पिंजड़ा लगाने के बाद जाल बिछा रहे थे। इसी दौरान भीतर से तेंदुए ने छलांग लगाकर वन कर्मियों पर हमला कर दिया। इसमें दो वाचर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पिछले आठ घंटे से तेंदुआ झोंपड़ी में घुसा है जिसके बचाव का कार्य किया जा रहा है।
डीएफओ एपी यादव ने बताया कि तेंदुए की उम्र तीन से चार साल के बीच की लग रही है। किसी कारण से तेंदुआ गुस्से में दिख रहा है। ऐसे में सामान्य ढंग से उसे पकड़ पाना मुश्किल है। बेहोश कर तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव से अनुमति ली गई है। महराजगंज के चिकित्सक को तेंदुए को बेहोश करने की जिम्मेदारी मिली है। सोमवार को वे पहुंचेंगे। तब तक गांव में भिनगा रेंजर आरके तिवारी के नेतृत्व में दो डिप्टी रेंजर, चार वन दारोगा व चार वन रक्षक को सशस्त्र तैनात किया गया है। पुलिस के जवान भी असलहे के साथ मुस्तैद रहेंगे। सोमवर को बेहोश करने के बाद तेंदुए को पकड़ा जाएगा।
बता दें कि भिनगा कोतवाली क्षेत्र के रमखड़वा गांव में रविवार सुबह फूस के घर में तेंदुअा घुस गया। इसकी सूचना फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घरों को छोड़ कर बाहर निकल आए। वन टीम के साथ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मुस्तैद हैं। वहीं झोंपड़ी में मौजूद बच्ची को ग्रामीणों ने किसी तरह से सही सलामत बाहर निकाला। आठ घंटे से ज्यादा से तेंदुआ घर में घुसा है। उसे पकड़ने के लिए घर के बाहर खाभड़ व जाल लगाया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के रमखड़वा गांव में रविवार की सुबह लगभग 10 बजे जंगल से निकला तेंदुआ श्याम लाल निषाद के फूस के मकान में घुस गया। इस दौरान घर के अंदर एक बच्ची फंस गई। उसे निकालने गए गांव के बच्चा राम, तिलकराम, सकटू व रूसे को हल्की खरोचें आईं हैं। ग्रामीणों ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तेंदुआ फूस के मकान में डेरा जमाए बैठा है। ग्रामीण लाठी-डंडों से लैस होकर उसकी घेराबंदी किए हुए हैं। डीएफओ एपी यादव व रेंजर आरके त्रिपाठी ने वन कर्मियों की मदद से घर के चारो ओर खाभड़ व जाल लगवा दिया है। भिनगा एसडीएम प्रमेंद्र कुमार, तहसीलदार राजकुमार पांडेय व कोतवाल दद्दन सिंह पुलिस टीम के साथ मुस्तैद हैं।