Uttar Pradesh Weather News: प्रदेश में दो दिन बाद से कम होगा कोहरा, जारी रहेगा ठंड का सितम
Uttar Pradesh Weather News सोनभद्र में सर्द हवाओं के साथ कोहरे से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार को ठंडी हवा चलने से न्यूनतम पारा 0.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर बाद हल्की धूप निकली लेकिन वह भी गलन से निजात नहीं दिला सकी।
लखनऊ, जेेेेएनएन। प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है। हवा की दिशा उत्तर पूर्वी होने से गुरुवार को दिन में भी बादल छाए रहे और गलन बनी रही। न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह सभी जगह घना कोहरा छाया रहने से लोग देर तक घरों में दुबके रहे। मौसम विभाग को अनुमान है कि अगले दो दिन कोहरे और ठंड का सितम यूं ही जारी रहेगा। हालांकि, इसके बाद कोहरे में कमी आएगी। कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अभी कुछ दिन कोहरे के साथ धूप निकलेगी। एक या दो दिन बदली भी छाई रह सकती है।
गुरुवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री और न्यूनतम 6.7 डिग्री, कानपुर में अधिकतम 19.4 और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। औरैया, इटावा, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री, बांदा, उरई, उन्नाव में 5 डिग्री, कानपुर देहात, कन्नौज में 5.8 डिग्री, हमीरपुर में 6 डिग्री, महोबा, चित्रकूट में 7 डिग्री, फर्रुखाबाद में 8 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज भी देर से निकलेगी धूप
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी देर से धूप निकलने की उम्मीद जताई है। हालांकि 31 जनवरी से कोहरे में कुछ कमी आएगी। कोहरा कम होने से धूप निकलेगी। तापमान में कुछ वृद्धि भी होगी। घना कोहरा होने से प्रदूषण भी नहीं छट पा रहा है।
सोनभद्र में पारा पहुंचा 0.6 डिग्री
सोनभद्र में सर्द हवाओं के साथ कोहरे से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुरुवार को ठंडी हवा चलने से न्यूनतम पारा 0.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर बाद हल्की धूप निकली लेकिन वह भी गलन से निजात नहीं दिला सकी। पूरे दिन अलाव का सहारा लेकर लोग ठंड से बचने की जुगत में लगे रहे। चुर्क स्थित मौसम पूर्वानुमान केंद्र के राजन ने बताया कि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 0.6 व अधिकतम 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में अभी और अधिक शीतलहर की संभावना हैं। आकाश में छाए घने बादलों के बीच गुरुवार की दोपहर बाद शक्तिनगर क्षेत्र में रिमझिम बारिश हुई।