रायबरेली रोड तक पहुंचा लखनऊ आउटर रिंग रोड के फ्लाई ओवर का काम, जल्द रखे जाएंगे प्री कॉस्ट गर्डर
किसान पथ पर चल रहा सड़क निर्माण का कार्य करीब करीब पूरा हो गया है। यहां फाइनल टच देने का काम चल रहा है। अयोध्या मार्ग से सुलतानपुर रोड को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के निरीक्षण दौरान तेजी से किया जा रहा था।
लखनऊ, जेएनएन। आउट रिंग रोड का काम हर दिन बढ़ता जा रहा है। 105 किमी. आउट रिंग रोड के अंतर्गत बनने वाले फ्लाईओवर को भी कार्यदायी संस्था पूरा करने में लगी हुई है। इसी क्रम में रायबरेली हाई वे पर बन रहे फ्लाई ओवर का काम भी मुख्य मार्ग तक पहुंच गया है। यहां अब मुख्य मार्ग के बीच प्री कॉस्ट गर्डर रखे जाएंगे। इसके लिए सड़क के किनारे पिलर बनाने का काम पूरा कर लिया गया है। यह फ्लाई ओवर करीब नौ सौ मीटर लंबा है। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि हाई वे होने के कारण यहां निर्माण कार्य पूरी सावधानी से किया जा रहा है। यहां चौबिस घंटे रिफ्लेक्टर साइन बोर्ड पर लगवाए गए हैं। कोहरे व अंधेरे में यह मददगार है। त्रिपाठी के मुताबिक फरवरी के प्रथम सप्ताह तक इसे पूरा करने का प्रयास है। फिलहाल यातायात किसी प्रकार से बाधित न हाे, उस पर फोकस किया जा रहा है।
किसान पथ का काम करीब करीब पूरा हुआ
किसान पथ पर चल रहा सड़क निर्माण का कार्य करीब करीब पूरा हो गया है। यहां फाइनल टच देने का काम चल रहा है। अयोध्या मार्ग से सुलतानपुर रोड को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के निरीक्षण दौरान तेजी से किया जा रहा था। पीडब्ल्यूडी यह काम कर रही है। वर्तमान में लोड पर वाहनों का संचालन शुरू भी हो गया है।
अभियंताओं के मुताबिक कुछ काम बचे हैं, जिसे इसी माह पूरा कर लिया जाएगा। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर ने बताया कि आउटर रिंग रोड पर चार बढ़े ब्रिज बनाए जा रहे हैं, इनमें अधिकांश का काम सत्तर से अस्सी फीसद तक हो गया है। रेलवे ओवर ब्रिज पांच है, इन पर भी तेजी से काम चल रहा है।