लखनऊ में लैंड नहीं कर पाई उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक की फ्लाइट
Bad Weather in UP: अचानक इतनी बड़े पैमाने पर विमानों के डाइवर्ट होने पर एटीसी सतर्क हो गया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक
HighLights
दोनों उपमुख्यमंत्रियों को लेकर आ रहा विमान फंसा, भोपाल डाइवर्ट
दिल्ली के बाद लखनऊ में खराब मौसम के कारण फ्लाइट्स प्रभावित
लखनऊ इंडिगों की फ्लाइट का लैंडिंग का प्रयास तीन बार फेल
हवा में चक्कर काटते रहे लखनऊ आ रहे दो अन्य विमान, दिल्ली के 15 भी डाइवर्ट
रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक प्रभावित हुआ विमानों का आपरेशन
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मौसम खराब होने के कारण सोमवार सुबह दिल्ली से लखनऊ आ रहे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक का विमान आंधी में फंस गया। इसके बाद विमान को भोपाल डाइवर्ट किया गया।
लखनऊ में मौसम ठीक होने के बाद दोपहर 12:27 बजे विमान पहुंच सका। इसके अलावा दो अन्य विमान भी हवा में चक्कर काटते रहे। दिल्ली में खराब मौसम के कारण दृश्यता कम हो गई। इससे रविवार रात 11 से तड़के तीन बजे तक 15 विमानों को लखनऊ डाइवर्ट किया गया। यह विमान एक के बाद एक चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरे। मौसम ठीक होने के बाद विमान दिल्ली रवाना हो गए।
दोनों उप मुख्यमंत्री इंडिगो एयरलाइन के विमान 6ई-6476 से दिल्ली से सुबह 7:20 की जगह 8:02 बजे लखनऊ के लिए रवाना हुए। लखनऊ के करीब विमान पहुंचा तो तूफान में फंस गया। पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एटीसी से संपर्क किया। विमान को भोपाल डाइवर्ट कर दिया गया। भोपाल से यह विमान दोपहर 12:27 बजे लखनऊ पहुंचा।
इसके अलावा हैदराबाद से लखनऊ आ रहा विमान 6ई-179 हवा में 30 मिनट तक और चंडीगढ़ से आ रहा विमान 6ई-146 करीब एक घंटा तक चक्कर लगाने के बाद लखनऊ उतर सका। इसी तरह दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण वहां के लिए रात 2:22 बजे रवाना हुआ एक विमान बीच रास्ते से वापस लौट आया। काठमांडू से दिल्ली जा रहा विमान रात 11:35 बजे, औरंगाबाद- दिल्ली विमान रात एक बजे, मुंबई- दिल्ली विमान रात 12:55 बजे,कोयंबटूर- दिल्ली विमान रात एक बजे,गुवाहाटी- दिल्ली विमान रात सवा एक बजे लखनऊ में उतरा।
इसी तरह हैदराबाद- दिल्ली विमान रात 2:34 बजे,मस्कट- दिल्ली विमान रात 2:40 बजे,फुकेट- दिल्ली विमान रात 2:43 बजे, हैदराबाद- दिल्ली विमान रात 2:48 बजे आया। जयपुर से दिल्ली जा रहे चार विमान रात तीन बजे, 3:30 बजे , 3:37 बजे और 3:38 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरे। बेंगलुरु- दिल्ली विमान रात 3:31 बजे लखनऊ आया। अचानक इतनी बड़े पैमाने पर विमानों के डाइवर्ट होने पर एटीसी सतर्क हो गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने भी विमानों के लिए पार्किंग वे एरिया खाली कराया।
