आज से पांच दिन महिला एवं शिशु स्वास्थ्य पर बात, चर्चा के साथ अगले वर्ष के लिए रोडमैप होगा तैयार
63 वीं ऑल इंडिया कांग्रेस ऑफ आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (एआइसीओजी) 2020 आज से। 02 वर्ष से चल रही थीं शहर में आयोजन की तैयारियां।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में अगले पांच दिन केवल महिला एवं शिशु स्वास्थ्य को समर्पित होंगे। 63वें ऑल इंडिया कांग्रेस ऑफ आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (एआइसीओजी) 2020 में देश-विदेश की करीब दस हजार स्त्री रोग विशेषज्ञ स्मृति उपवन में जुटेंगी। कांग्रेस में महिला स्वास्थ्य से जुड़े हर मुद्दे पर न केवल चर्चा होगी बल्कि अगले वर्ष के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसका उद्घाटन बुधवार सुबह दस बजे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या करेंगे।
यह जानकारी कांग्रेस की आयोजन सचिव डॉ.प्रीति कुमार ने प्रेस वार्ता में दी। आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. चंद्रावती ने बताया कि लखनऊ ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी सोसाइटी को यह अवसर 20 साल के बाद मिला है। कांग्रेस के आयोजन की तैयारियां दो वर्ष से चल रही थीं। कांग्रेस का आयोजन न केवल प्रदेश बल्कि नवाबी शहर के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि इसके लिए शासन व प्रशासन से हर मुमकिन सहयोग मिला है।
डॉ.चंद्रावती ने कहा कि 1999 में जब इस कांग्रेस का आयोजन हुआ था महज 4500 डेलीगेट्स थे, लेकिन आज एआइसीओजी के देश-विदेश में 36 हजार से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जहां नए प्रोफेशनल्स को सीखने का मौका मिलेगा वहीं, महिला स्वास्थ्य से जुड़े सभी आयामों पर गहन चर्चा होगी।
संयोजक सचिव डॉ. प्रीति कुमार ने बताया कि स्मृति उपवन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 29 जनवरी को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या उद्घाटन करेंगे। 30 जनवरी को प्रात: आठ बजे उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ध्वजारोहण करेंगे। वहीं शाम छह बजे ऋद्धि हाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डॉक्टर्स को संबोधित करेंगे। 31 को अनंता हाल में ब्रह्मकुमारी शिवानी हीलिंग द हीलर्स और एक फरवरी को सद्गुरु जग्गी वासुदेव व दो फरवरी को गायत्री परिवार के डॉ.प्रणव पांड््या डॉक्टरोंसे रूबरू होंगे।
विश्व का सबसे बड़ा संगठन
फेडरेशन ऑफ ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनोलॉजिकल सोसायटीज ऑफ इंडिया (फॉग्सी) की अध्यक्ष डॉ.नंदिता पालशेटकर ने कहा कि फॉग्सी देश ही नहीं विदेश में भी सक्रिय है। यह विश्व का अकेला सबसे बड़ा संगठन है जिससे 36 से 40 हजार प्रोफेशनल्स जुड़े हुए हैं। देश भर में 40 हजार नर्सिंग होम्स हैं। कोशिश है कि इन सभी में एकसमान मानक हों, जिससे महिलाओं को स्टैंडर्ड उपचार मिल सके। इस वर्ष दो लाख महिलाओं की कैंसर के लिए स्क्रीनिंग की गई और इतनी ही महिलाओं के रक्त की जांच कर एनीमिया की पड़ताल की गई।
फॉग्सी 2020 के अध्यक्ष डॉ.अल्पेश गांधी ने कहा कि 63वीं कांग्रेस की यह खास उपलब्धि है कि इसमें 1200 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रेस वार्ता को डॉ. उमा सिंह, डॉ. मंजू शुक्ला ने भी संबोधित किया।
यह भी होगा खास
- पब्लिक फोरम में महिला एवं बाल सशक्तीकरण, होलिस्टिक हेल्थ, योग, न्यूट्रीशन, फिट इंडिया मूवमेंट आदि पर विस्तृत चर्चा होगी।
- नए डॉक्टरों को देश-विदेश से आए डॉक्टरों के अनुभव का लाभ मिले इसलिए 13 वर्कशॉप आयोजित होंगी।
- 1200 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे इस कार्यक्रम के दौरान।10 हजार स्त्री रोग विशेषज्ञ इस पांच दिवसीय कांग्रेस में जुटेंगी।