Move to Jagran APP

Yogi Cabinet Expansion : टीम योगी में 18 नए चेहरे, मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में 23 ने ली शपथ, देखें लिस्ट...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिलाकर मंत्रीमंडल में अब 56 सदस्य हो गए हैं। शपथ लेने वाले कुल 23 लोगों में 18 चेहरे नए हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 21 Aug 2019 10:46 AM (IST)Updated: Wed, 21 Aug 2019 06:09 PM (IST)
Yogi Cabinet Expansion : टीम योगी में 18 नए चेहरे, मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में 23 ने ली शपथ, देखें लिस्ट...
Yogi Cabinet Expansion : टीम योगी में 18 नए चेहरे, मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में 23 ने ली शपथ, देखें लिस्ट...

लखनऊ, जेएनएन। करीब ढाई वर्ष बाद योगी मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित पहला विस्तार बुधवार को संपन्न हुआ। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने छह कैबिनेट, छह स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री और 11 राज्यमंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिलाकर मंत्रीमंडल में अब 56 सदस्य हो गए हैं। शपथ लेने वाले कुल 23 लोगों में 18 चेहरे नए हैं।

loksabha election banner

राजभवन के गांधी सभागार में आयोजित समारोह में सबसे पहले कैबिनेट मंत्री के रूप में डॉ. महेंद्र सिंह ने शपथ ली। फिर सुरेश राणा, भूपेंद्र सिंह चौधरी और अनिल राजभर को राज्यपाल ने शपथ दिलाई। इन चारों को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार से प्रोन्नत किया गया है। इनके बाद मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र के विधायक राम नरेश अग्निहोत्री और फिर कानपुर के घाटमपुर की कमल रानी वरुण को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। ये दोनों पहली बार मंत्री बने हैं।

स्वतंत्र प्रभार के छह राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी को प्रोन्नति दी गई है, जबकि बाकी पांच ने पहली बार शपथ ली। मुजफ्फरनगर के विधायक कपिलदेव अग्रवाल, सिद्धार्थनगर के इटवा के सतीश द्विवेदी, भाजपा प्रदेश महामंत्री और एमएलसी अशोक कटारिया, संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र के श्रीराम चौहान और वाराणसी उत्तरी के विधायक रवींद्र जायसवाल ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली।

समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा तथा अन्य कई मंत्री, भाजपा संगठन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी आदि मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को गुलदस्ता देकर स्वागत किया। मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय ने शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया। 

योगी कैबिनेट में नए मंत्री

  1. महेंद्र सिंह (एमएलसी) कैबिनेट मंत्री
  2. सुरेश राणा (विधायक-थाना भवन शामली ) कैबिनेट मंत्री
  3. अनिल राजभर (विधायक-शिवपुर, वाराणसी) कैबिनेट मंत्री
  4. रामनरेश अग्निहोत्री (विधायक-भोगांव) कैबिनेट मंत्री
  5. कमला रानी वरूण (विधायक-घाटमपुर सुरक्षित सीट) कैबिनेट मंत्री
  6. भूपेंद्र सिंह चौधरी (एमएलसी) कैबिनेट मंत्री

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

  1. नीलकंठ तिवारी (विधायक-वाराणसी साउथ ) राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार
  2. कपिल देव अग्रवाल (विधायक-मुजफ्फरनगर शहर ) राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार
  3. सतीष द्विवेदी (विधायक-इटवा, सिद्धार्थनगर) राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार
  4. अशोक कटारिया (एमएलसी) राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार
  5. श्रीराम चौहान (विधायक-धनघटा सुरक्षित सीट ) राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार
  6. रवींद्र जायसवाल (विधायक-वाराणसी नॉर्थ) राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार

राज्यमंत्री

  1. अनिल शर्मा (विधायक-शिकारपुर) राज्यमंत्री
  2. महेश गुप्ता (विधायक-बदायूं) राज्यमंत्री
  3. आनंद स्वरूप शुक्ला (विधायक-बलिया सदर) राज्यमंत्री
  4. गिराज सिंह धर्मेश (विधायक-आगरा कैंट) राज्यमंत्री
  5. लाखन सिंह राजपूत (विधायक-डिबियापुर) राज्यमंत्री
  6. नीलिमा कटियार (विधायक-कल्याणपुर) राज्यमंत्री
  7. चौधरी उदयभान सिंह (विधायक-फतेहपुर सीकरी) राज्यमंत्री
  8. चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय (विधायक-चित्रकूट) राज्यमंत्री
  9. रामशंकर सिंह पटेल (विधायक-मड़िहान) राज्यमंत्री
  10. अजीत सिंह पटेल (विधायक-सिकंदरा) राज्यमंत्री
  11. विजय कश्यप (विधायक-चरथावल) राज्यमंत्री

वर्तमान मंत्रिमंडल

मुख्यमंत्री-योगी आदित्यनाथ
उपमुख्यमंत्री-केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री-डॉ. दिनेश शर्मा

कैबिनेट मंत्री
1-सूर्यप्रताप शाही
2-सुरेश कुमार खन्ना
3-स्वामी प्रसाद मौर्य
4-सतीश महाना
5-दारा सिंह चौहान
6-रमापति शास्त्री
7-जय प्रताप सिंह
8-ब्रजेश पाठक
9-लक्ष्मी नारायण चौधरी
10-चेतन चौहान
11-श्रीकांत शर्मा
12-राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह
13-सिद्धार्थ नाथ सिंह
14-मुकुट बिहारी वर्मा
15-आशुतोष टंडन
16-नंदगोपाल गुप्ता नंदी
17-डॉ. महेंद्र सिंह
18-सुरेश राणा
19-भूपेंद्र सिंह
20-अनिल राजभर
21-कमल रानी वरुण
22-राम नरेश अग्निहोत्री

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
1-उपेंद्र तिवारी
2-डा. धर्म सिंह सैनी
3-स्वाती सिंह
4-कपिल देव अग्रवाल
5- सतीश द्विवेदी
6-अशोक कटारिया
7-श्रीराम चौहान
8-नीलकंठ तिवारी
9-रविंद्र जायसवाल

राज्य मंत्री
1-गुलाब देवी
2-जयप्रकाश निषाद
3-जयकुमार सिंह जैकी
4-अतुल गर्ग
5-रणवेंद्र प्रताप सिंह धुन्नी सिंह
6-मोहसिन रजा
7-गिरीश चंद्र यादव
8-बलदेव औलख
9-मनोहर लाल मन्नू कोरी
10-संदीप सिंह
11-सुरेश पासी
12-अनिल शर्मा
13-महेश गुप्ता
14-आनंद स्वरूप शुक्ला
15-विजय कश्यप
16-डा. गिरीराज सिंह धर्मेश
17-लाखन सिंह राजपूत
18-नीलिमा कटियार
19-उदयभान सिंह
20-चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय
21-रमाशंकर सिंह पटेल
22-अजित सिंह पाल

राज्यमंत्री बनने वाले सभी चेहरे नए

राज्यमंत्री बनने वाले सभी चेहरे नए हैं। बुलंदशहर के शिकारपुर के विधायक अनिल शर्मा, बदायूं से महेश गुप्ता, बलिया से आनन्द स्वरूप शुक्ल, मुजफ्फरनगर के चरथावल से विजय कश्यप, आगरा कैंट के डा. गिर्राज सिंह धर्मेश, औरैया के दिबियापुर के लाखन सिंह राजपूत, कानपुर के कल्याणपुर की नीलिमा कटियार, आगरा के फतेहपुर सीकरी के चौधरी उदयभान सिंह, चित्रकूट के चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, मीरजापुर के मडि़हान से रमाशंकर सिंह और कानपुर देहात के सिकंदरा क्षेत्र के विधायक अजीत सिंह पाल ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 

मंत्रियों ने योगी का पैर छूकर लिया आशीर्वाद 

शपथ ग्रहण के बाद ज्यादातर मंत्रियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। सतीश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल दोनों के पैर छुए और वंदेमातरम बोला। शपथ के बाद कई और मंत्रियों ने भी नारे लगाए। महेश गुप्ता ने गुलदस्ता लेते हुए भारत माता की जयकार लगाई तो रामशंकर पटेल ने मां विंध्यवासिनी की जय बोला। समारोह के दौरान सभागार में कई बार हर-हर महादेव भी गूंजा।

प्रमुख व्यक्तियों को भी नहीं मिली कुर्सियां 

शपथ ग्रहण के लिए अबकी सीमित संख्या में राजभवन से आमंत्रण पत्र भेजे गए थे। अपर मुख्य सचिव और डीजी स्तर के अधिकारियों के अलावा भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को ही समारोह में आमंत्रित किया गया था। इसके बावजूद अपर मुख्य सचिव नियुक्ति मुकुल सिंहल समेत कई प्रमुख हस्तियों को गलियारे में खड़े रहना पड़ा। ऐसा मंत्री बनाए जाने वाले विधायकों के समर्थकों व परिवार वालों के पहुंचने के कारण हुआ। 

तीन एमएलसी और 20 एमएलए को शपथ 

शपथ ग्रहण समारोह में 20 मंत्री विधानसभा के सदस्य हैं जबकि कैबिनेट मंत्री डा. महेंद्र सिंह, चौधरी भूपेंद्र सिंह और राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अशोक कटारिया विधान परिषद के सदस्य हैं। 

2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का पहला कदम

योगी मंत्रिमंडल विस्तार में 2022 के विधानसभा चुनाव की चिंता साफ दिख रही है। अपने पहले विस्तार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण को भी साधने की पूरी कोशिश की है। जानकारों के अनुसार, अगले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह पूरा फेरबदल किया गया है। इस विस्तार में युवाओं को तवज्जो देने की पूरी कोशिश की गई है। 

प्रदेश के सभी क्षेत्रों की हिस्सेदारी की कोशिश

योगी कैबिनेट ने अपने पहले विस्तार में प्रदेश के सभी क्षेत्रों की हिस्सेदारी देने की कोशिश की गई है। कैबिनेट विस्तार में पश्चिम यूपी के मुजफ्फरनगर से कपिलदेव अग्रवाल और चरथावल से विधायक विजय कश्यप, बुलंदशहर से अनिल शर्मा, आगरा कैंट से जीएस धर्मेश और फतेहपुर से विधायक चौधरी उदयभान सिंह, मैनपुरी से रामनरेश अग्निहोत्री को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इसी तरह बुंदेलखंड से स्वतंत्र देव के इस्तीफे के बाद चित्रकूट से विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। कानपुर मंडल से नीलिमा कटियार व कमल रानी वरुण को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। बस्ती मंडल से सतीश द्विवेदी और वाराणसी मंडल से रवीन्द्र जायसवाल को शामिल किया गया है।

कमलरानी वरुण : दो बार पार्षद, दो बार सांसद

वर्तमान में घाटमपुर से विधायक कमलरानी वरुण भाजपा की उन्हीं कार्यकर्ताओं में से हैं, जिन्होंने राजनीति में जमीन से सफलता के आसमान तक का सफर तय किया है। वह 1989 और 1995 में सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के वार्ड से पार्षद चुनी गई थीं। इसके बाद 1996 और फिर 1998 में घाटमपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद बनीं। यह लोकसभा खत्म हो गई और अब घाटमपुर अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में है।

योगी मंत्रिमंडल में फिर से वाराणसी ने बाजी मारी 

पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय सीट वाराणसी से लंबे समय से सक्रिय रहे भाजपा विधायकों को मंत्रिमंडल विस्‍तार में नई जिम्‍मेदारियां दी गई हैं। अब वाराणसी से योगी मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या तीन हो गई है। इसमें शहर उत्तरी से दो बार विधायक रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता रवींद्र जायसवाल को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है तो यहीं से राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे अनिल राजभर का प्रमोशन कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। अनिल राजभर शिवपुर क्षेत्र से विधायक हैं और अभी तक सैनिक कल्याण, खाद्य, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, प्रांतीय रक्षक दल के मंत्री थे। भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर द्वारा मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद से उनका विभाग विकलांग और पिछड़ा वर्ग को भी देख रहे थे। वहीं, दूसरी ओर डॉ. नीलकंठ तिवारी को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ दिलाई गई है। शहर दक्षिणी से विधायक डॉ. तिवारी अभी तक विधि न्याय, युवा कल्याण, खेल एवं सूचना राज्य मंत्री थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.