लखनऊ के रस्तोगीनगर में तलवार से केक काटकर की गई थी फायरिंग, दो गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में तलवार से केक काटकर बीच सड़क फायिरंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए बीते 31 अक्टूबर को दोस्त के जन्मदिन पर साथियों के साथ तलवार से केक काटकर फायरिंग की थी।
लखनऊ, जेएनएन। ठाकुरगंज इलाके में तलवार से केक काटकर बीच सड़क फायिरंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों आशीष और ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए बीते 31 अक्टूबर को दोस्त के जन्मदिन पर साथियों के साथ तलवार से केक काटकर फायरिंग की थी। एसीपी चौक आइपी सिंह ने बताया कि फुटेज की मिलान के आधार पर घटनास्थल और आरोपितों की पहचान की गई है। 31 अक्टूबर को ऋषभ और आशीष के साथी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह का जन्मदिन था।
जिसमें अंकित सिंह, आकाश सिंह और आकाश राठौर पहुंचे। यह लोग बालागंज के रस्तोगीनगर में बीच सड़क पर कार पर केक रखकर तलवार से काट रहे थे। इस बीच ऋषभ ने फायरिंग की। वीडियों में भी यही लोग हैं। क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए इन लोगों ने तलवार से केक काटकर फायरिंग की थी। इसके बाद ऋषभ ने ही वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज राजकुमार ने बताया कि लोकेशन के आधार पर अन्य आरोपितों की भी तलाश की जा रही है। कुछ तो घर छोड़कर भागे हैं। जल्द ही फरार आरोपित भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। ऋषभ और उसके साथी प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। मुंगेरी पिस्टल से की थी फायरिंग एसीपी चौक ने बताया कि ऋषभ के पास शस्त्र लाइसेंस नहीं है। उसने कहीं से मुंगेरी पिस्टल ली थी। इस बारे में पड़ताल की जा रही है कि उसने कब-कैसे और किससे पिस्टल खरीदी थी। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश की जा रही है।