बलरामपुर में दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग, चार कारें फूंकी-पांच नामजद Balrampur News
बलरामपुर के तुलसीपुर थानाक्षेत्र का मामला है। दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई।
बलरामपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में गुरुवार की देर रात दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई। जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने गोलीकांड में पांच लोगों को नामजद किया है। उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने दूसरे पक्ष के चार वाहनों में आग लगा दी। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना है। नामजद आरोपितों की तलाश की जा रही है।
ये है पूरा मामला
मामला तुलसीपुर थानाक्षेत्र के चुंगीनांका का है। यहां शुगर फैक्ट्री निवासी अमर प्रताप सिंह ने दी तहरीर में आरोप लगाया है कि अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह, चंचल सिंह निवासी बैरागी पुरवा, शिशिर सिंह उर्फ विकास सिंह, सत्यम श्रीवास्तव निवासी पुरानी बाजार व पंकज निवासी नई बाजार पुरवा पर जान से मारने की नियत से गोली चला दी। जिसमें श्याम बहादुर सिंह पुत्र देवेंद्र बहादुर सिंह निवासी शुगर फैक्ट्री तुलसीपुर व विनय सिंह पुत्र धीरेंद्र प्रताप सिंह निवासी कंडोला थाना मइल जनपद देवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिसे जिला अस्पताल से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। घटना से आक्रोशित दूसरे पक्ष के लोगों ने चार वाहनों में आग लगा दी। जिसके चलते नगर में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस मामले को अवैध बालू खनन से भी घटना को जोड़कर देख रही है। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि घटना में पांच नामजद किए गए है। जिनकी तलाश की जा रही है। पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है।