लखनऊ में अलीगंज अग्निकांड में वीरेंद्र शुक्ला के सरकारी मददगारों पर कसा शिकंजा, दर्ज किया गया मुकदमा
Aligang Fire Incident Lucknow: सुनवाई के बाद तत्कालीन पीठासीन अधिकारी ने 10 मई 2016 को अनधिकृत निर्माण ध्वस्त करने का आदेश पारित किया था।

अलीगंज भीषण अग्निकांड
HighLights
अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण के आदेश को बैकडेट में लिया गया वापस
कैसरबाग थाने में तत्कालीन पेशकार और विहित प्राधिकारी पर मुकदमा
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी के अलीगंज भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के मुख्य आरोपित भवन स्वामी वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला व भाई सुरेंद्र शुक्ला के सेक्टर-डी स्थित मकान के अवैध निर्माण मामले में पारित ध्वस्तीकरण आदेश को बैकडेट में वापस लिया गया।
फर्जीवाड़ा सामने आने पर कैसरबाग कोतवाली में एलडीए के तत्कालीन पेशकार विमलेश कुमार गौतम और तत्कालीन विहित प्राधिकारी दुर्गेश श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गयी है। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
एलडीए के पेशकार धीरेंद्र मोहन ने बताया कि अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित मकान संख्या एमएस-102 के संबंध में उप्र नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27(1) के तहत अवैध निर्माण को गिराने का एक वाद आठ जनवरी 2016 दर्ज किया गया था।
सुनवाई के बाद तत्कालीन पीठासीन अधिकारी ने 10 मई 2016 को अनधिकृत निर्माण ध्वस्त करने का आदेश पारित किया था। निर्माणकर्ता वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला ने 20 मई 2017 को दिए प्रत्यावेदन में केस की नोटिस मिलने की बात कही और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार निर्माण कराने का दावा किया।
इसके बाद 23 मई 2017 के दूसरे प्रत्यावेदन में उन्होंने कहा कि इससे पहले उन्हें न्यायालय का कोई नोटिस नहीं मिला और उनके खिलाफ एकपक्षीय आदेश पारित हुआ है। लिहाजा मांग रखी कि एकपक्षीय आदेश को निरस्त कर सुनवाई का अवसर प्रदान किया जाए, जिससे वे अपना जवाब दाखिल कर सकें।
एलडीए की पत्रावली में दोनों प्रत्यावेदनों को विरोधाभासी बताते हुए आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन पेशकार विमलेश कुमार गौतम और विहित प्राधिकारी दुर्गेश श्रीवास्तव ने निर्माणकर्ता को लाभ पहुंचाने के लिए मिलीभगत कर ध्वस्तीकरण आदेश को बैकडेट में वापस लिया।
पेशकार धीरेंद्र मोहन ने 14 सितंबर को कैसरबाग कोतवाली में लिखित शिकायत की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्कालीन पेशकार विमलेश कुमार गौतम और विहित प्राधिकारी दुर्गेश श्रीवास्तव के धाेखाधड़ी, आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
