विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 04, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Fight Against Corona Virus : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- सचेत रहें, लंबी चल सकती है कोरोना से लड़ाई

By Umesh TiwariEdited By:
Published: Sat, 04 Apr 2020 11:50 PM (IST)Updated: Sat, 04 Apr 2020 11:51 PM (IST)

Fight Against Corona Virus मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी दलों के विधायक और विधान परिषद सदस्यों से भी एकजुटता और सहयोग की अपील की है।

Fight Against Corona Virus : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- सचेत रहें, लंबी चल सकती है कोरोना से लड़ाई
Fight Against Corona Virus : सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- सचेत रहें, लंबी चल सकती है कोरोना से लड़ाई

लखनऊ, जेएनएन। Fight Against Corona Virus : कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई में जनसहयोग की लगातार अपील कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी दलों के विधायक और विधान परिषद सदस्यों से भी एकजुटता और सहयोग की अपील की है। ढाई सौ से अधिक विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीएम योगी ने विधायकों से कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई लंबी चल सकती है, इसलिए अभी से सचेत रहें। लॉकडाउन खत्म होने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग सारे हेल्थ प्रोटोकॉल का पालन करीब सात-आठ माह करना है, तभी यह जड़ से खत्म होगा। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी दलों के लगभग 265 विधायकों से जुड़े थे। इनमें से 14-15 विधायकों से उन्होंने बातचीत भी की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंद्रह अप्रैल से लॉकडाउन का खत्म करने की तैयारी चल रही है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। यदि इसके बाद अचानक से भीड़ जुटना शुरू हुई और लोगों ने हेल्थ प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जो अब तक की सारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सर्दियों तक इस वायरस से सावधान रहना है। तब तक सभी विधायक अपने क्षेत्र पर नजर रखें व कहीं भी भीड़ एकत्र न होने दें। अपने साथ ही आमजन को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते रहें। उन्होंने कहा कि जब हर कोई लगातार कुछ माह तक हेल्थ प्रोटोकॉल का पालन करेगा, तब कोरोना को हम प्रदेश से जड़ से खत्म कर सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार गरीब-मजदूरों को खाद्यान्न और एक हजार रुपया उपलब्ध करा रही है। विधायक इसमें सहयोग करें। यदि किसी गरीब का खाता नंबर उपलब्ध नहीं है तो वह पता कर जिला प्रशासन को सूची उपलब्ध कराएं। इससे उस व्यक्ति की मदद हो सकेगी।

यूपी कोविड केयर फंड में करें सहयोग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक और विधान परिषद सदस्यों से अपील की है कि यूपी कोविड केयर फंड में आप सभी अपनी निधि से एक-एक करोड़ रुपये और एक माह का वेतन दान करें। साथ ही दूसरों को भी सहयोग के लिए प्रेरित करें। योगी ने बताया कि इस फंड से हम स्वास्थ्य सुविधाओं, उपकरणों आदि को और बेहतर करेंगे, ताकि आगे ऐसी किसी भी विपदा से मजबूती से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि अभी तो कोरोना से भी लंबी जंग चल सकती है। योगी ने रविवार को प्रधानमंत्री की अपील पर रात्रि नौ बजे नौ मिनट के लिए घरों की बत्तियां बंद करने की मुहिम में भी सहयोग मांगा।