Fight Against Corona Virus : उत्तर प्रदेश में 109 वेंटिलेटर और 3594 आइसोलेशन बेड और बढ़े
Fight Against Corona Virus 51 मेडिकल कॉलेजों में बनाए गए कोरोना अस्पतालों में 109 वेंटिलेटर युक्त बेड और बढ़ा दिए गए। अब यहां वेंटिलेटर वाले कुल 864 बेड तैयार हैं।
लखनऊ, जेएनएन। Fight Against Corona Virus : उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में तैयारियां और तेज कर दी हैं। 51 मेडिकल कॉलेजों में बनाए गए लेवल-2 के कोरोना अस्पतालों में गुरुवार को 109 वेंटिलेटर युक्त बेड और बढ़ा दिए गए। इन अस्पतालों में अब वेंटिलेटर वाले कुल 864 बेड तैयार हैं। वहीं प्रदेश भर में और 3394 आइसोलेशन बेड तैयार होने के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 9442 हो गई है। अभी इसमें और बढ़ोतरी की जाएगी।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि गुरुवार को 480 क्वारंटाइन बेड बढ़ाए जाने के बाद अब इनकी संख्या भी 12,119 हो गई है। जल्द ही इन बेड की संख्या बढ़कर 15 हजार की जाएगी। दूसरी तरफ प्रदेश में मॉलीक्युलर लैब की संख्या बढ़कर नौ होने के बाद अब संदिग्ध मरीजों की जांच में भी तेजी आई है। सभी जिलों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को लेवल-1 के कोविड-19 अस्पताल में तब्दील किया गया है। इससे अब तक कुल 77 अस्पताल पूरी तरह क्रियाशील हो गए हैं। लेवल-1 के इन अस्पतालों में मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे लेवल-2 के अस्पतालों में भेजा जाएगा। इसके अलावा अति गंभीर रोगियों के लिए भी छह विशेष चिकित्सा संस्थानों में अस्पताल तैयार किए गए हैं।
बंदी बना रहे पीपीई किट, आदर्श कारागार में शुरू हुआ काम
कोरोना की जंग में सूबे की जेलों के बंदी भी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। मास्क के बाद बंदियों ने अब स्वास्थ्य कर्मियों के लिए पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट (पीपीई) किट बनाना भी शुरू कर दिया है। लखनऊ के आदर्श कारागार में इसकी शुरुआत हुई है। यहां जेल के डॉक्टरों की देखरेख में बंदी किट बना रहे हैं। यहां से बलरामपुर अस्पताल को 50 किट सप्लाई भी की गई हैं। कुछ अन्य अस्पतालों ने भी जेल अधिकारियों से किट की सप्लाई के लिए संपर्क किया है। इसके अलावा 16 जेलों में बंदी सैनिटाइजर भी बना रहे हैं। दूसरी तरफ प्रदेश की 67 जेलों में बंदी मास्क भी बना रहे हैं। कारागार प्रशासन ने चार लाख से अधिक मास्क दूसरे विभागों को भी उपलब्ध कराए हैं। प्रदेश की 12 जेलों के मुख्य द्वार पर सैनिटाइजेशन टनल भी स्थापित कराई गई हैं।