विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी राइज युवा शक्ति थिंक टैंक, 'फार्म टू फैमिली' बना सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप; सत्तू के प्रोटीन पाउडर ने भी जीता दिल

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:26 PM (IST)

योगी सरकार की पहल पर मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में 'यूपी राइज युवा शक्ति थिंक टैंक' कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ युवाओं ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में 'यूपी राइज युवा शक्ति थिंक टैंक' कार्यक्रम आयोजित।

  2. 'फार्म टू फैमिली' आर्गेनिक फार्मिंग स्टार्टअप को सर्वश्रेष्ठ नवाचार पुरस्कार मिला।

  3. आशीष सिंह का सत्तू से बना प्राकृतिक प्रोटीन पाउडर भी सराहा गया।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। योगी सरकार की पहल पर बुधवार को मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में 'यूपी राइज युवा शक्ति थिंक टैंक' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने प्रदेश के युवाओं को अपनी नई सोच और स्टार्टअप आइडियाज को दिग्गज विशेषज्ञों व उद्यमियों के सामने प्रस्तुत करने का एक शानदार मंच प्रदान किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवाओं के इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स रहे, जिनमें आर्गेनिक फार्मिंग से जुड़े स्टार्टअप 'फार्म टू फैमिली' को सर्वश्रेष्ठ नवाचार चुना गया।

'फार्म टू फैमिली' को पहला स्थान, बनी नोएडा तक सप्लाई चेन

विश्वविद्यालय के इनक्यूबेशन सेंटर (अंबिका एकेडमिक फाउंडेशन) के सीईओ अभिनव पुंडीर ने बताया कि प्रतियोगिता में शुभावरी चौहान के स्टार्टअप 'फार्म टू फैमिली' ने बाजी मारी। उन्हें इस सर्वश्रेष्ठ नवाचार के लिए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शुभावरी ने आर्गेनिक फार्मिंग के क्षेत्र में कमाल करते हुए 'शुभावरी आर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड' बनाई है, जिसके जरिए वे न सिर्फ अपने कृषि उत्पादों की ब्रांडिंग, लेबलिंग और पैकेजिंग कर रही हैं, बल्कि उन्होंने नोएडा तक इसकी एक मजबूत सप्लाई चेन भी तैयार कर दी है।

देसी सत्तू से बना प्राकृतिक प्रोटीन पाउडर, आइडिया ने जीता दिल

कार्यक्रम में देसी और स्वास्थ्यवर्धक नवाचार भी छाए रहे। आशीष सिंह के स्टार्टअप 'प्योर पल्स न्यूट्रिशन' को रनरअप चुना गया। आशीष ने सत्तू से एक प्राकृतिक प्रोटीन पाउडर तैयार करने का अनूठा नवाचार पेश किया, जिसकी विशेषज्ञों और उपस्थित अतिथियों ने जमकर सराहना की। इस तरह के आइडियाज ने यह साबित कर दिया कि युवा अब फिटनेस और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी स्वदेशी विकल्पों को बढ़ावा दे रहे हैं।

'स्मार्टफोन का इस्तेमाल नवाचार और रिसर्च में करें छात्र'

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय सिंह और कुलपति प्रो. वाई विमला ने किया। अपने संबोधन में कुलपति ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए आह्वान किया कि राज्य सरकार द्वारा दिए गए टैबलेट और स्मार्टफोन का सदुपयोग वे अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास में करें। उन्होंने युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। वहीं, महापौर डॉ. अजय कुमार ने भी युवाओं को उद्यमिता के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने का मंत्र दिया।

युवाओं का आभार: 'सरकार का साथ मिला तो निखर गई प्रतिभा'

आयोजन के दौरान शुभावरी, अक्षत शर्मा, नंदिनी, सावन कुमार, आशीष सिंह समेत एक दर्जन युवाओं ने अपने बेहतरीन प्रेजेंटेशन दिए। इन युवा उद्यमियों ने एक सुर में योगी सरकार की नीतियों की प्रशंसा की। उनका कहना था कि सरकार द्वारा दिए गए सुरक्षित माहौल और आर्थिक सहायता ने उनके हुनर को सही पहचान दी है। जब सरकार मददगार बनी, तो छिपी हुई प्रतिभाएं खुद ही निखर कर मंच तक आ गईं। इस गरिमामयी अवसर पर कुलसचिव कमल कृष्ण, उपकुलसचिव अनूप कुमार, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. मितिका समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।