कैशियर हत्याकांड: परिवारीजन ने सीएम से की CBI जांच की मांग, फैक्स किया लेटर
पुलिस ने बताई 315 बोर के असलहे से हत्या, गोली निकली 32 बोर की। परिवार असंतुष्ट, सीएम को पत्र किया फैक्स, जल्द मिलने के लिए मांगा समय।
लखनऊ, जेएनएन। पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को दस लाख की लूट के बाद निजी गैस एजेंसी के कैशियर श्याम सिंह (45) की हत्या के राजफाश से उनके परिवारीजन असंतुष्ट हैं। भतीजे प्रवीण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र फैक्स करके पूरे मामले में सीबीआइ जांच की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा है। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
प्रवीण सिंह का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में श्याम सिंह की हत्या की पुष्टि .32 बोर के असलहे की गोली से हुई, जबकि पुलिस ने जो खुलासा किया था, उसमें बकायदा प्रेस नोट जारी करके 315 बोर के असलहे को वारदात में इस्तेमाल करने की बात कही थी। पुलिस ने 315 बोर के असलहे सहित तीन जिंदा कारतूस भी बरामद की थी। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा निवासी बदमाश सतबीर को गिरफ्तार किया था, लेकिन परिवारीजन उससे भी संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि हत्यारा कोई और है। अभी तक फरार अन्य बदमाशों को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
गौरतलब है कि श्याम सिंह विभूतिखंड क्षेत्र में पत्नी भावना सिंह व बेटी गुंचा सिंह व सुधि सिंह के साथ रहते थे। 29 अक्टूबर की सुबह सवा दस बजे के करीब श्याम सिंह बैंक ऑफ इंडिया में रुपये जमा करने जा रहे थे। बैंक के सामने दो बदमाश बाइक से आए और एक ने नीचे उतरकर श्याम सिंह के पीछे से पीठ पर गोली मार दी। श्याम सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़े और दोनों बदमाश बाइक से भाग निकले।