क्रिकेटर मुहम्मद शमी की पत्नी हसीन सुलह वार्ता के लिये तैयार, तीन बजे होगी बातचीत
शमी के ससुर अहमद हसन के बुलावे पर शमी के परिजन वार्ता के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं। शुक्रवार शाम को उनके आवास पर दोनों पक्षों की बातचीत चल रही है।
अमरोहा (जेएनएन)। क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां अब वार्ता को राजी हो गई हैं। शनिवार सुबह हसीन ने कोलकाता पहुंचे शमी के परिजनों से बात करने से इंकार कर दिया था। जिस पर परिजन वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे। परंतु अब हसीन जहां वार्ता के लिए तैयार हो गई हैं। उन्होंने वार्ता के लिये तीन बजे का समय दिया है। कोलकाता गए शमी के मित्र रिजवान पाशा ने बताया कि दोपहर 3 बजे हसीन जहां से बातचीत होगी।
इसके पहले पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों से चौतरफा घिरे क्रिकेटर मोहम्मद शमी की सुलह की उम्मीदों को झटका लगा था। पत्नी हसीन जहां ने सुलह करने से इंकार कर दिया था। उन्होंने केवल एक बार कॉल रिसीव कर किसी भी वार्ता से इंकार कर था। कोलकाता गए शमी के परिजन अब वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे।
क्रिकेटर मुहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष आगे आ कर मामला सुलटाने में लगे थे। शमी के ससुर अहमद हसन के बुलावे पर शमी के परिजन वार्ता के लिए कोलकाता पहुंच भी गये थे। शुक्रवार शाम को उनके आवास पर दोनों पक्षों की बातचीत चल रही है।
मंगलवार को शमी की पत्नी हसीन जहां ने उनके खिलाफ दूसरी महिलाओं से संबंध होने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी। गुरुवार को शमी ने अपने ससुर से फोन पर वार्ता कर कोलकाता जाने की तैयारी भी कर ली थी परंतु पत्नी द्वारा मैच फिक्सिंग का आरोप लगाने के बाद वह गुरुवार शाम को ही दिल्ली से घर लौट आए। सुलह के लिए शुक्रवार सुबह शमी के चाचा तहजीब हुसैन, फूफा खुर्शीद अहमद, मामा नब्बू और दोस्त रिजवान पाशा कोलकाता के लिए रवाना हो गए। दोपहर बाद वह कोलकाता पहुंचे और देर शाम दोनों पक्षों की वार्ता शुरू हुई।
पांच दिन पहले पत्नी संग बेहद खुश थे शमी, ट्विटर पर डाली थी फोटो
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के प्रकरण में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हर शख्स के जेहन में एक ही सवाल है कि आखिर पांच दिन में ऐसा क्या हो गया जो पति-पत्नी का झगड़ा इस स्तर तक पहुंच गया। शमी ने पहली मार्च को ट्विटर पर एक सेल्फी पोस्ट की थी। इसमें उनकी पत्नी हसीन जहां और क्रिकेटर रिद्धिमान साहा आदि दिख रहे हैं। पोस्ट करते हुए शमी ने लिखा है कि क्वालिटी टाइम विथ बोथ फैमिलीज, थैंक्स फार रिद्धिमान। सेल्फी में पार्टी के समय पत्नी के साथ शमी बेहद खुश नजर आ रहे हैं। इस पर एक लाख 67 हजार लाइक, 3283 रि-ट्वीट और 3420 लोगों ने कमेंट किए हैं।