उड़ान भरने से पहले विमान का एक इंजन फेल
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा, फ्लाइट में सवार थे 172 यात्री, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय
पायलट की सूझबूझ से टला हादसा, फ्लाइट में सवार थे 172 यात्री,
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों ने किया हंगामा
ट्विटर पर भी की शिकायत, दूसरे विमानों से भेजा गया
जागरण संवाददाता, लखनऊ :
इंडिगो एयरलाइन के विमान के इंजन की गड़बड़ी थमने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर से लखनऊ से मुंबई के लिए उड़ान भरने से पहले इंडिगो एयरलाइन के विमान का एक इंजन बंद हो गया। इससे 172 यात्रियों की जान सांसत में पड़ी रही। इस विमान के यात्रियों को दूसरे विमानों से भेजा गया। इस बीच चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा हुआ।
इंडिगो एयरलाइन का विमान 6ई-685 सुबह 7:45 बजे लखनऊ से मुंबई रवाना होता है। इस विमान से मुंबई जाने के लिए 172 यात्री शुक्रवार को सवार हुए। विमान जब पार्किंग एरिया से रनवे की ओर बढ़ने लगा तब ही पायलट को एहसास हुआ कि इसका एक इंजन काम नहीं कर रहा है। पायलट ने इसकी सूचना तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। एटीसी की अनुमति मिलते ही पायलट विमान को लेकर पार्किंग एरिया में वापस आ गया। इस बीच सूचना मिलते ही इंडिगो एयरलाइन की तकनीकी टीम भी पहुंच गई। कंपनी के इंजीनियरों ने इंजन की गड़बड़ी को दूर करने की कोशिश की। कॉकपिट के कई सिस्टम भी देखे, लेकिन दूसरा इंजन शुरू नहीं हो सका। इस बीच मुंबई जाने वाले यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। कई यात्रियों की मुंबई से आगे की उड़ान भी थी। जबकि कुछ यात्रियों को जरूरी मीटिंग में हिस्सा लेने जाना था। यात्रियों ने इंडिगो एयरलाइन के ट्विटर अकाउंट पर ट्विट कर मदद मांगी। जिसके बाद सभी 172 यात्रियों को उतारकर दूसरे विमानों से भेजा गया। यात्रियों का सामान भी कार्गो के कर्मचारियों ने उतारकर दूसरे विमानों में लोड किया। हालांकि इस प्रक्रिया में डेढ़ घंटे लग गए। जिस कारण एयरपोर्ट पर खासी अफरातफरी मची रही। विमान की तकनीकी गड़बड़ी को सुबह 11:27 बजे ठीक किया जा सका। जिसके बाद यह विमान रवाना कर दिया गया।