Move to Jagran APP

UP में CAA के समर्थन में भाजपा की रैलियों में मुस्लिमों और दलितों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित हो रहीं क्षेत्रीय रैलियों में मुस्लिमों और दलितों की अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए कहा गया है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sun, 19 Jan 2020 09:14 PM (IST)Updated: Sun, 19 Jan 2020 09:17 PM (IST)
UP में CAA के समर्थन में भाजपा की रैलियों में मुस्लिमों और दलितों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
UP में CAA के समर्थन में भाजपा की रैलियों में मुस्लिमों और दलितों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

लखनऊ, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से आयोजित हो रहीं क्षेत्रीय रैलियों में मुस्लिमों और दलितों की अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए कहा गया है। पार्टी के मोर्चों व प्रकोष्ठों को रैलियों में दलितों और मुसलमानों की भागीदारी बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रैलियों के लिए बस्तियों में जाकर जनसंपर्क करने और पत्रक वितरित करने का कार्य भी जोरों से जारी है। प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भी कमान संभाल खुद घर-घर जाकर संपर्क व संवाद किया।

loksabha election banner

प्रदेश महामंत्री व अभियान प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि काशी और गोरखपुर क्षेत्र की रैलियों को मिली जबरदस्त कामयाबी विपक्ष को तमाचा है। उन्होंने दावा किया कि मौसम खराब होने के बावजूद रैलियां बेहद सफल होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन कानून पर आमजन की मुहर लगने जैसा है।

मुस्लिम महिलाओं के धरने से माहौल गर्माया

लखनऊ रैली से पहले यहां घंटाघर पर दिल्ली की तर्ज पर मुस्लिम महिलाओं का धरना आरंभ हो जाने से माहौल गर्मा गया है। ऐसे में महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने खुद ही कमान संभाल कर रविवार को सघन संपर्क व संवाद किया। कानपुर और पश्चिम उप्र की रैली 22 जनवरी को होंगी तथा 23 जनवरी को अंतिम रैली आगरा में होगी। मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित का कहना है कि रैलियों में समाज के सभी वर्गों की जबरदस्त भागीदारी हो रही है।

आगरा में होगी जेपी नड्डा की पहली रैली

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद जेपी नड्डा आगरा में 23 जनवरी को पहली रैली संबोधित करेंगे। आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान में होने वाली ब्रज क्षेत्र की रैली में नड्डा के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नड्डा 20 जनवरी को नामांकन करेंगे। अवध क्षेत्र की रैली 21 को लखनऊ में होगी जिसमें गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे।

युवा मोर्चा का ट्विटर पर भी फ्रंट

नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में जनजागरण अभियान में सक्रिय रहने के अलावा भारतीय जनता युवा मोर्चा सोशल मीडिया पर भी विपक्षी दलों के दुष्प्रचार के खिलाफ फ्रंट खोले हुए है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी ने बताया कि रविवार को दोपहर तीन से कार्यकर्ताओं ने सीएए के समर्थन में ट्वीट कर अभियान चलाया। मात्र एक घंटे में 14 हजार से अधिक ट्वीट किए गए। उन्होंने दावा किया कि मंडल स्तर तक के भाजयुमो कार्यकर्ता अभियान में जुटे हैं। वहीं, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हैदर अब्बास चांद ने बताया कि मुस्लिमों की भागीदारी बढ़ाने के लिए छोटी-छोटी बैठकें भी जारी हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.