विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttar Pradesh: राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव कल, सेंधमारी के आसार; BJP के 8 व SP के 3 प्रत्याशी हैं मैदान में

Published: Mon, 26 Feb 2024 08:13 PM (IST)

राज्यसभा चुनाव में उप्र विधानसभा के सदस्य विधानभवन परिसर स्थित तिलक हाल में मतदान करेंगे। मतदान की अवधि सुबह नौ ...और पढ़ें

राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव में सेंधमारी के आसार। जागरण
राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव में सेंधमारी के आसार। जागरण

HighLights

  1. सुबह नौ से शाम चार बजे तक विधानभवन के तिलक हाल में होगा मतदान
  2. मतगणना पांच बजे से, भाजपा के आठ व सपा के तीन प्रत्याशी हैं मैदान में

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्यसभा में दो अप्रैल को रिक्त होने जा रहीं उत्तर प्रदेश कोटे की 10 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान होगा। 10 सीटों के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें आठ भाजपा और तीन सपा के हैं।

राज्यसभा चुनाव में उप्र विधान सभा के सदस्य विधानभवन परिसर स्थित तिलक हाल में मतदान करेंगे। मतदान की अवधि सुबह नौ से शाम चार बजे तक होगी। मतदान की अवधि बीतने के बाद भारत निर्वाचन आयोग की अनुमति लेकर शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह, अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता डा.सुधांशु त्रिवेदी, मथुरा के पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, योगी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्य मंत्री रहीं डा.संगीता बलवंत, चंदौली की मुगलसराय सीट की पूर्व विधायक साधना सिंह, प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन का नामांकन कराया था।

वहीं सपा ने राज्यसभा सदस्य जया बच्चन, पूर्व सांसद रामजी लाल सुमन और प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन के आखिरी दिन राज्यसभा के पूर्व सदस्य रहे बिल्डर संजय सेठ को आठवें प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतार कर भाजपा ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया।

भाजपा को अपने 8वें और सपा को तीसरे प्रत्याशी को जिताने के लिए अतिरिक्त मतों की आवश्यकता होगी। इससे चुनाव में क्रास वोटिंग यानी सेंधमारी के प्रबल आसार बन गए हैं। गौरतलब है कि 403 सदस्यीय विधान सभा में वर्तमान में 399 सदस्य हैं जबकि चार सीटें रिक्त हैं।

इस आधार पर एक सीट जीतने के लिए 37 विधायकों के वोट चाहिए। भाजपा और उसके सहयोगी दलों के विधान सभा में कुल 286 सदस्य हैं जबकि आठों प्रत्याशी को जिताने के लिए उसके पास 296 वोट होने चाहिए। चूंकि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो विधायकों के वोट भी भाजपा के पक्ष में जा रहे हैं इसलिए उसे छह और मतों की जरूरत होगी।

वहीं सपा के पास कुल 108 वोट हैं जबकि अपने तीनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए उसे 111 वोट चाहिए। आइएनडीआइए गठबंधन के नाते यदि कांग्रेस के दो सदस्य सपा के पक्ष में मतदान कर भी दें तो उसे एक और वोट की दरकार होगी।

तीन विधायक जेल में हैं जिनमें आजमगढ़ की फूलपुर पवई सीट के सपा विधायक रमाकांत यादव, कानपुर के सीसामऊ के सपा विधायक हाजी इरफान सोलंकी और मऊ से सुभासपा के विधायक अब्बास अंसारी शामिल हैं। कोर्ट ने इरफान सोलंकी को वोट देने की अनुमति नहीं दी है इस तरह से सपा को दो वोट की जरूरत होगी।

मतदान के लिए बनाये गए तीन बूथ

राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग अफसर बृजभूषण दुबे ने बताया कि मतदान के लिए तिलक हाल में तीन बूथ बनाए गए हैं। तिलक हाल में मतदान के लिए जाने से पहले विधायकों को विधान भवन के कक्ष संख्या-80 में जाकर मतदाता पर्ची लेनी होगी।

मतदाता पर्ची लेकर विधायक तिलक हाल में लगाये गए चार टेबल में से अपनी क्रम संख्या के आधार पर किसी एक पर जाकर मतदान पत्र हासिल करेंगे और फिर किसी भी बूथ पर जाकर मतदान कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि तिलक हाल और कक्ष संख्या-80 में मोबाइल फोन लेकर जाना प्रतिबंधित रहेगा। मतदान के लिए विधान सभा सचिवालय के कार्मिकों को रविवार और सोमवार को प्रशिक्षण दिया गया।

मतदान के लिए अपनी कलम का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे विधायक

मतदान के लिए विधायक अपनी कलम का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। उन्हें इस प्रयोजन के लिए रिटर्निंग अफसर की ओर से दिये गए बैंगनी स्केच पेन का प्रयोग ही करना होगा। यह स्केच पेन उन्हें मतपत्र के साथ दिया जाएगा। किसी अन्य पेन, पेंसिल, बाल प्वाइंट पेन या किसी अन्य मार्कर का प्रयोग करने से मतपत्र अमान्य हो जाएगा।

विधान सभा में दलों का संख्या बल

दल
संख्या बल
भाजपा 252
सपा 108
अपना दल (एस) 13
रालोद 09
निषाद पार्टी 06
सुभासपा 06
कांग्रेस 02
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक 02
बसपा 01