खनन घोटाला : पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की बेनामी संपत्तियों की तह तक जाएगी ईडी
ईडी पूर्व मंत्री गायत्री व उसके कुछ करीबियों की संपत्तियों के बारे में गहनता से छानबीन कर रही है।
लखनऊ, जेएनएन। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खनन घोटाले में आरोपित सपा सरकार के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति से शुक्रवार को भी उनकी बेनामी संपत्तियों के बारे में पूछताछ की। ईडी पूर्व मंत्री गायत्री व उसके कुछ करीबियों की संपत्तियों के बारे में गहनता से छानबीन कर रही है। ईडी खनन घोटाले की काली कमाई को बोगस कंपनियों में निवेश की तह तक पहुंचने का प्रयास भी कर रही है।
खनन घोटाले के आरोपों से घिरे पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति समेत अन्य के खिलाफ ईडी केस दर्ज कर जांच कर रही है। ईडी ने कोर्ट की अनुमति लेकर पूर्व मंत्री गायत्री से फतेहपुर में खनन घोटाले के मामले में गुरुवार व शुक्रवार को किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में पूछताछ की। इससे पूर्व भी ईडी ने हमीरपुर खनन घोटाले में पूर्व मंत्री गायत्री से केजीएमयू में चार दिन पूछताछ की थी।
सूत्रों का कहना है कि ईडी को पूर्व मंत्री गायत्री के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। पूर्व मंत्री ने कई रिश्तेदारों व करीबियों के नाम से भी संपत्तियां अर्जित की हैं। ईडी उनके बैंक खातों का ब्योरा भी खंगाल रही है। माना जा रहा है कि ईडी जल्द उनकी कुछ संपत्तियों को अटैच करने की तैयारी में है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप