विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 26, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PCS डीपी सिंह के बरेली व सीतापुर स्थित ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, खंगाले दस्तावेज

Published: Thu, 26 Jun 2025 10:17 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 26 Jun 2025 10:24 PM (GMT+05:30)

ईडी ने एनएच-74 भूमि अधिग्रहण घोटाले में आरोपित पीसीएस अफसर डीपी सिंह के बरेली स्थित आवास और उनके भाई-रिश्तेदार के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण टीम, लखनऊ। एनएच-74 के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी घोटाले में आरोपित उत्तराखंड के पीसीएस अफसर डीपी सिंह के बरेली स्थित आवास और सीतापुर स्थित भाई नरेंद्र सिंह व रिश्तेदार राजेश के घर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम ने गुरुवार को छापा मारकर कुछ कागजात जब्त किए हैं।

 ईडी की टीम ने गुरुवार सुबह नौ बजे बरेली में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर इंटरनेशनल सिटी स्थित डीपी सिंह के आवास पर छापा मारा। इस घर में डीपी सिंह की पत्नी अलका सिंह रहती थीं। कालोनी के लोगों ने बताया कि पिछले कई महीनों से अलका सिंह या उनके परिवार का कोई सदस्य इस घर में नहीं रहता। उनकी बेटी हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही है।

ईडी की टीम ने ताला तोड़कर घर में छानबीन की। टीम में शामिल पांच अधिकारी रात तक कागजों की जांच करते रहे। वहां से कुछ डिजिटल दस्तावेज भी मिलने की बात चर्चा में रही मगर किसी ने पुष्टि नहीं की। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि ईडी के अधिकारियों ने सुरक्षा के दृष्टिगत फोर्स मांगी थी, जोकि उपलब्ध करा दी गई। 

उधर, सीतापुर में डीपी सिंह के भाई नरेंद्र सिंह के घर और उनके रिश्तेदार राजेश सिंह के घर पर छापा मारा। सुबह करीब आठ बजे नरेंद्र सिंह और राजेश सिंह के घर पर अलग-अलग टीमें पहुंची। टीम के पहुंचते ही दोनों लोगों के घरों को जाने वाले संपर्क मार्गों पर केंद्रीय पुलिस के जवान खड़े हो गए।

सूत्रों के मुताबिक दोनों टीमें नरेंद्र और राजेश सिंह के घर पर मिले जमीन और शेयर से जुड़े कागजात को बारीकी से खंगाला। देर शाम राजेश सिंह के घर से टीम कुछ कागजात लेकर चली गई। हालांकि, टीम सदस्यों ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया। उधर, नरेंद्र के घर पर छापेमारी चल रही थी।

चर्चा है कि डोईवाला शुगर मिल में कार्यकारी निदेशक डीपी सिंह ने अपने गांव के आसपास परिवारजन और रिश्तेदारों के नाम जमीन की खरीदारी की है। उनके परिवारजन और रिश्तेदारों के कई पेट्रोल पंप भी हैं।