ईडी ने एटा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंग यादव के विरुद्ध मनी लॉन्ड्रिंग का दर्ज किया केस, पूछताछ की तैयारी
ईडी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आरोपित एटा के पूर्व विधायक रामेश्वर यादव के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।
लखनऊ, जेएनएन। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में आरोपित एटा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है। ईडी सपा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव से जल्द पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों का कहना है कि ईडी ने यह केस रामेश्वर यादव व उनके भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव के विरुद्ध एटा में आय से अधिक संपत्ति व जमीन पर कब्जे को लेकर दर्ज एफआइआर को आधार बनाकर किया है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद सभापति रमेश यादव के पुत्र व पूर्व विधायक आशीष यादव ने शासन से सपा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव के विरुद्ध भ्रष्टाचार व आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत की थी। शासन ने पूर्व विधायक की शिकायत पर पूरे मामले की गहनता से जांच के लिए अलीगढ़ मंडल के कमिश्नर की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था। एटा में जिला प्रशासन ने रामेश्वर सिंह यादव व जुगेंद्र सिंह यादव के खिलाफ गृह व राजस्व विभाग के आदेश पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी। पूर्व विधायक पर लगे संगीन आरोपों के बाद अब ईडी ने उनके विरुद्ध मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर अपनी पड़ताल शुरू की है।