UP weather news: प्रदेशभर में धूल भरी आंधी की चेतावनी, इन जगहों पर हल्की बारिश की संभावना
UP weather news उत्तर प्रदेश में सोमवार को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई लेकिन अधिकांश स्थानों पर भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल किया। कई जिलों में रात के तापमान में बढ़ोतरी रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को हल्की बारिश की संभावना है।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। प्रदेश के कुछ इलाकों में सोमवार को बूंदाबांदी हुई लेकिन अधिकांश स्थानों पर भीषण गर्मी और उमस ने बेहाल किया। प्रदेश भर के कई जिलों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रयागराज, बरेली, लखनऊ, कानपुर, झांसी, वाराणसी और मेरठ मंडलों में न्यूनतम तापमान में सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त दर्ज की गई। मंगलवार को प्रदेश भर के कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को महाराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर और कुशीनगर सहित कानपुर, झांसी, बरेली, प्रयागराज मंडलों में हल्की बारिश की संभावना है।
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में 45.8 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 45.6 डिग्री सेल्सियस, बांदा में 45.2 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 45.0 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान फैजाबाद में 25.5 डिग्री सेल्सियस मेरठ में 26.7 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। सोमवार को शहर का एक्यूआइ स्तर 150 तक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस तक रहने की आशंका है। अगले 24 घंटो में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखी जा सकती है।
बढ़ती गर्मी में बिजली संकट ने बढ़ाई मुसीबत : बढ़ती गर्मी में बिजली की डिमांड बढ़ते ही संकट भी राजधानी में बढ़ गया है। रविवार देर रात से सोमवार दिन भर बिजली ने आंख मिचौली का खेल बरकरार रखा। इससे उपभोक्ताओं को बिजली और पानी को लेकर परेशान होना पड़ा। निलमथा में 11 केवी फीडर में आई तकनीकी गड़बड़ी से रात पौने बारह बजे गई बिजली सुबह आठ बजे सामान्य हो सकी।
वहीं अभियंताओं का दावा रहा कि बिजली सुबह चार बजे आ गई थी। वहीं पारा के बीबी खेड़ा में पिछले तीन दिनों से बिजली संकट बरकरार है। सरोसा भरोसा उपकेंद्र से पोषित इस क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या के कारण पूरी रात उपभोक्ताओं को जागकर बितानी पड़ी, पंखे रंगते हैं। इसी तरह 33 केवी रत्नखंड फीडर प्रभावित होने से घंटों बिजली संकट रहा। स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि तेलीबाग के कुछ क्षेत्रों में बिजली संकट रहा। वहीं स्थानीय अवर अभियंता सुनील कुमार द्वारा उपभोक्ताओं का फोन न उठाने को लेकर नाराजगी जताई।
स्थानीय उपभोक्ता सुरेश ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे बिजली जाने के बाद उपकेंद्र फोन किया तो उठा नहीं, फिर अवर अभियंता सुनील कुमार को फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। फिर नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पहुंचकर नाराजगी जताई। रथिंद्र नगर के उपभोक्ता सेन, मोनू, दिनेश व पंकज ने बताया कि बिजली आने व जाने का कोई समय नहीं है। रविवार रात 11 बजे गई बिजली सुबह चार बजे आई।