लखनऊ में मेट्रो एलिवेटेड के ऊपर से निकलेगा दुबग्गा फ्लाईओवर, पांच लाख की आबादी को सीधा फायदा
Flyover on Elevated Metro Route: दुबग्गा फ्लाईओवर बनने से कानपुर बाइपास से हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, चौक, बुद्धेश्वर चौराहा, आगरा एक्सप्रेसवे, ...और पढ़ें

दो जगह मेट्रो और फ्लाइओवर दोनों बनेंगे
HighLights
मेट्रो एलिवेटेड से करीब साढ़े पांच मीटर ऊपर से फ्लाईओवर बनाने की तैयारी
एल शेप के इस पुल से पांच लाख की आबादी को मिलेगा सीधा फायदा
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा क्षेत्र में बनने वाला फ्लाईओवर मेट्रो एलिवेटेड रूट के ऊपर से निकाला जाएगा। इसकी कवायद शुरू हो गई है।
लखनऊ में कुल मिलाकर अब दो जगह मेट्रो और फ्लाइओवर दोनों बनेंगे। सेतु निगम व उत्तर प्रदेश मेट्रो कारपोरेशन लिमिटेड की आम सहमति के बाद जल्द काम शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। यह फ्लाइओवर एल शेप में बनाया जाएगा। यह बुद्धेश्वर चौराहे यानी कानपुर की तरफ से आने वाली रोड से उठेगा और दुबग्गा फ्लाइओवर होते हुए आईआईएम की तरफ जाने वाली रोड से सीधे हरदोई रोड पर उतारा जाएगा।
लखनऊ और कानपुर से आने वाला ट्रैफिक सीधे हरदोई जाने के लिए फ्लाइओवर का उपयोग कर सकेगा। फ्लाईओवर की लंबाई 1811.72 मीटर लंबा होगा। इसे बनाने पर 305.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बनने से दुबग्गा चौराहे पर लगने वाला जाम काफी हद तक नियंत्रित हो सकेगा। वहीं मंडी परिषद से भी ढाई मीटर जमीन को लेकर भी शासन स्तर पर वार्ता चल रही है। यहां निगम के फ्लाइओवर का पिलर बनना है।
दुबग्गा फ्लाईओवर बनने से कानपुर बाइपास से हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, चौक, बुद्धेश्वर चौराहा, आगरा एक्सप्रेसवे, कानपुर रोड और आइआइएम रोड आने व जाने वाले वाहनों को यू टर्न होकर जा सकेंगे। इसके अलावा सीतापुर, मलिहाबाद, चौक, बुद्धेश्वर चौराहे से आने व जाने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी। फ्लाईओवर का निर्माण सेतु निगम करेगी। अधिकारियों के मुताबिक जमीन पर काम शुरू होते ही डेढ़ से दो वर्ष में फ्लाईओवर का काम पूरा कर लिया जाएगा।
उधर चारबाग से बसंतकुंज के बीच चलने वाली मेट्रो के कारण सेतु निगम को अपने फ्लाईओवर की डिजाइन बदलनी पड़ी। पहले फ्लाईओवर ठाकुरगंज की तरफ से उठ रहा था और दुबग्गा फ्लाईओवर के ऊपर से होते हुए हरदोई रोड पर उतर रहा था। अब यह अवध चौराहे से बुद्धेश्वर की तरफ से आने वाली सड़क से यह उठेगा और दुबग्गा चौराहे से होते हुए हरदोई रोड पर उतार जाएगा।
