Weather forecast: फिर करवट ले सकता है मौसम, लखनऊ में आज बूंदाबांदी के आसार
लखनऊ में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज बदलेगा मौसम कहीं कहीं तेज हवा भी चलने की संभावना।
लखनऊ, जेएनएन। मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के साथ राजस्थान में सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके चलते लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पांच मार्च तक मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है।
पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों जैसे बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर में बादलों की आवाजाही के साथ ही हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, बरेली और मेरठ के आसपास बारिश के साथ ओले भी गिरने की संभावना है।
कचरी, चिप्स और पापड़ पर फिर सकता है पानी
मौसम के बदले मिजाज से होली की तैयारियों में कुछ खलल पड़ सकती है। इन दिनों घर-घर में चिप्स, पापड़ और कचरी बनाई जा रही हैं। मौसम इन तैयारियों पर ब्रेक लगा सकता है। मौसम निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार शनिवार को राजधानी में बादलों की आवाजाही रहेगी। हल्की बौछारें भी पड़ सकती हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।