FightFromCoronaVirus : फाइव स्टार होटलों में क्वारंटाइन होंगे डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ
प्रशासन ने अस्थाई तौर पर कई होटलों का किया अधिगृहण। धरती के भगवान को अच्छी सुविधाएं देने के लिए की पहल।
लखनऊ, जेएनएन। 24 घंटे भूख-प्यास की फिक्र किए बिना कोरोना से संक्रमित मरीजों की जान बचाने में जुटे डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को क्वारंटाइन करने की जरूरत पड़ी तो उन्हें फाइव स्टार होटलों में ठहराया जाएगा। आपदा के समय 'धरती के भगवान' बने चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ को अच्छी से अच्छी सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन ने यह फैसला किया है। प्रशासन ने अस्थाई रूप से शहर के कई होटलों के अधिगृहण का नोटिस भी जारी कर दिया है।
राजधानी में अब तक कोरोना से एक जूनियर डॉक्टर संक्रमित हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के मुताबिक लखनऊ में बड़ी संख्या में होटल और गेस्ट हाउस खाली पड़े हैं। शहर के बड़े अस्पतालों के आसपास जो अच्छे होटल हैं, आपदा के समय उनकी सेवाएं ली जाएंगी। सिविल और लोहिया अस्पताल के डॉक्टरों व चिकित्सीय स्टाफ को किसी इमरजेंसी में हयात होटल में ठहराया जाएगा। एसजीपीजीआइ और लोकबंधु अस्पताल के डॉक्टरों या मेडिकल स्टाफ के लिए पिकाडली होटल में इंतजाम किया जा रहा है। अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों व चिकित्सीय स्टाफ के लिए भी व्यवस्था की जा रही है।
प्रशासन की कोशिश है कि संकट की घड़ी में संकटमोचक बने डॉक्टरों और स्टाफ को किसी तरीके की दिक्कत न हो, ताकि वे अधिक से अधिक लोगों की सेवा कर सकें। प्रशासन ने बाहर से आए लोगों को ठहराने के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बंदोबस्त किया है। एयरपोर्ट के सामने स्थित हज हाउस में भी लोगों को क्वारंटाइन करने का इंतजाम किया है। अब तक यहां हजारों लोगों को ठहराया जा चुका है। शहीद पथ स्थित अवध शिल्पग्राम में भी लोगों को रोकने की व्यवस्था की गई है। सभी जगहों पर खाने-पीने और साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि लोगों को बिल्कुल घर जैसा माहौल मिले, ताकि लॉकडाउन का पूरी तरीके से पालन किया जा सके।