विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इकाना में दिव्यांश जोशी का तूफान, 37 गेंदों में जड़ा UP T20 लीग का सबसे तेज शतक

Published: Mon, 07 Sep 2026 12:26 AM (IST)

दिव्यांश जोशी के तूफानी शतक (105 रन, 37 गेंद) की बदौलत मेरठ मावरिक्स ने यूपी टी-20 लीग के ग्रैंड फिनाले ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. दिव्यांश जोशी ने जड़ा यूपी टी20 लीग का सबसे तेज शतक।

  2. मेरठ मावरिक्स ने लखनऊ फाल्कंस को दिया 204 रनों का लक्ष्य।

  3. इकाना स्टेडियम में दिव्यांश ने 37 गेंदों में पूरे किए 100 रन।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। दिव्यांश जोशी (105) के तूफानी शतक की बदौलत मेरठ मावरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के ग्रैंड फिनाले में लखनऊ फाल्कंस के सामने 204 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। दाएं हाथ के बल्लेबाज दिव्यांश ने लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ा, जिससे मेरठ ने लखनऊ के सामने 204 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों पर 11 चौके व सात छक्के की मदद से अपना सैकड़ा पूरा किया।

इसके पहले अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में लीग के फाइनल मुकाबले में रविवार को मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने पहले विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी कर टीम को तेज शुरुआत दी। लखनऊ को पहली सफलता पांचवें ओवर में आइपीएल स्टार विप्रज निगम ने दिलाई। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर स्वास्तिक चिकारा को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया।

स्वास्तिक ने 14 गेंदों पर तीन चौके की मदद से 18 रन बनाए। हालांकि, मेरठ की बल्लेबाजी पर इस विकेट का कोई असर नहीं पड़ा, क्योंकि दूसरे छोर पर दिव्यांश जोशी का बल्ला लगातार गरजता रहा। उन्होंने छठें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जमाकर महज 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया इस दौरान दिव्यांश ने छह चौके व चार छक्के लगाए। उन्होंने सीजन-4 का सबसे तेज अर्धशतक भी अपने नाम कर लिया।

मेरठ ने पावरप्ले के छह ओवर में एक विकेट पर 73 रन जोड़े। रितुराज शर्मा ने दिव्यांश का साथ दिया और दोनों ने टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। मेरठ का दूसरा विकेट नौवें ओवर में 103 रन के कुल स्कोर पर गिरा। रितुराज 17 गेंदों पर तीन चौके व एक छक्के से 24 रन बनाकर अजीत वर्मा की गेंद पर विप्रज निगम को कैच थमा बैठे। अक्षय दुबे 15 रन बनाकर 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर अभिनंदन सिंह की गेंद पर अजीत वर्मा को कैच थमा बैठे।

इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अभिनंदन ने मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह (01) को पवेलियन वापस भेजकर टीम को बड़ी सफलता दिलाई। उस समय टीम का स्कोर चार विकेट पर 160 रन था। इसी बीच दिव्यांश ने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर मात्र 37 गेंदों की पारी में 11 चौके व सात छक्के लगाते हुए 100 रनों का आंकड़ा पूरा किया। दिव्यांश शतक पूरा करने के बाद 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर 105 रन बनाकर रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 40 गेंदों की अपनी पारी में 12 चौके व सात छक्के भी लगाए।

दिव्यांश राजपूत (13) को 18वें ओवर में अभिनंदन सिंह ने प्रियम गर्ग के हाथों कैच कराकर मेरठ को पांचवां झटका दिया। अगले ही ओवर में दिव्यांश जोशी मैदान में लौटे, लेकिन वह दूसरी ही गेंद पर भुवनेश्वर का शिकार हो गए। मेरठ की पारी का अंत अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर हुआ, जब जीशान अंसारी (03) को विकेटकीपर आराध्य यादव ने रनआउट किया।