विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरी से निकाले गए एंबुलेंस टेक्नीशियनों का जीवीके ईएमआरआई कार्यालय पर धरना, फिलहाल जारी रहेगा विरोध

Published: Wed, 21 Oct 2026 07:36 PM (IST)

Protest By Ambulance Technicians: उनका कहना है कि कुछ समय पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कंपनी के अधिकारियों के साथ वार्ता कराई थी।

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में टेक्नीशियन पहुंचे।

प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में टेक्नीशियन पहुंचे।

HighLights

  1. डिप्टी सीएम के हस्तक्षेप के बाद भी बहाली नहीं होने का आरोप

  2. प्रदेश के कई जिलों से लखनऊ पहुंचे कर्मचारी

जागरण संवाददाता, लखनऊ : नौकरी से निकाले गए एंबुलेंस टेक्नीशियनों ने बुधवार को आशियाना कालोनी स्थित जीवीके ईएमआरआई कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में टेक्नीशियन पहुंचे।

उनका आरोप है कि उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के हस्तक्षेप और आश्वासन के बावजूद कंपनी उन्हें दोबारा नौकरी पर नहीं रख रही है। नाराज कर्मचारियों ने मांग पूरी होने तक लखनऊ में डटे रहने की चेतावनी दी है। धरने की अगुवाई कर रहे शरद यादव ने दावा किया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब तीन से चार हजार टेक्नीशियन लखनऊ पहुंचे हैं।

उनका आरोप है कि कंपनी ने बिना कोई ठोस कारण बताए उन्हें नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद टेक्नीशियनों ने अपनी बहाली के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई थी। उनका कहना है कि कुछ समय पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कंपनी के अधिकारियों के साथ वार्ता कराई थी।

उस समय टेक्नीशियनों को दोबारा नौकरी पर रखे जाने का भरोसा मिला था, लेकिन अब तक बहाली नहीं हुई। प्रदर्शन कर रहे टेक्नीशियनों का कहना है कि नौकरी छिनने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

शरद का कहना है कि टेक्नीशियन अपने घर छोड़कर लखनऊ पहुंचे हैं, जब तक उन्हें नौकरी पर वापस नहीं रखा जाता, तब तक वे लखनऊ नहीं छोड़ेंगे। इस बावत जीवीके ईएमआरआई के प्रवक्ता सुनील कुमार से बात करने का प्रयास किया गया, मगर उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।