उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बोले- महिलाएं कर रहीं 43 जिलों के 204 विकासखंडों में पुष्टाहार उत्पादन
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 43 जिलों के 204 विकासखंडों में महिलाएं पुष्टाहार उत्पादन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादन व वितरण में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की अहम भूमिका है।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि प्रदेश में बच्चों के लिए पुष्टाहार तैयार करने व उसके वितरण का जिम्मा महिलाओं ने संभाल रखा है। ये महिला सशक्तीकरण का सबसे बेहतर माडल है।
अभी प्रदेश के 43 जिलों के 204 विकासखंडों में पुष्टाहार उत्पादन व आंगनबाड़ी केंद्रों को वितरण कराने का कार्य किया जा रहा है, इसे और विस्तार दिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं ये कार्य तेज गति और पूरे मनोयोग से कर रही हैं।
बाल विकास व पुष्टाहार विभाग के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं कार्य कर रही हैं। अभी तक प्रदेश में 81 होम राशन प्लांट स्थापित किये जा चुके है, उनमें से 53 प्लांट को भारतीय खाद्य संरक्षा व मानक प्राधिकरण से लाइसेंस निर्गत किया जा चुका है।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग प्रदेश के सभी जिलों में ड्राई राशन समूह की महिलाओं के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराते हुए वितरण में सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ड्राई राशन वितरण प्रणाली के तहत समूह की महिलाएं कोटेदारों से गेहूं व चावल और पीसीडीएफ से दुग्ध उत्पाद प्राप्त करके व दाल खरीद करके सभी उत्पादों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्धारित तारीख पर उपलब्ध कराती हैं।
इस कार्य में 61,050 स्वयं सहायता समूहों की ओर से ड्राई राशन की उपलब्धता का कार्य 1,64,177 आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया जा रहा है। यह संख्या निकट भविष्य में और बढ़ाने की तैयारी है।