लखनऊ में बोले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नोएडा में जल्द शुरू होगी हवाई जहाज के सर्विसिंग की सुविधा
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि काफी समय तक हमारा देश हवाई जहाज हेलीकाप्टर की मरम्मत और रखरखाव के लिए अन्य देशों पर निर्भर था लेकिन जल्द ही सरकार नोएडा में इसकी सुविधा शुरू करने जा रही है। यहां हवाई जहाजों की सर्विसिंग और मरम्मत की जाएगी।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि काफी समय तक हमारा देश हवाई जहाज, हेलीकाप्टर की मरम्मत और रखरखाव के लिए अन्य देशों पर निर्भर था, लेकिन जल्द ही सरकार नोएडा में इसकी सुविधा शुरू करने जा रही है। यहां हवाई जहाजों की सर्विसिंग और मरम्मत की जाएगी।
प्रदेश में 17 नए हवाई अड्डों के साथ कनेक्टिविटी को भी बढ़ाया जा रहा है। वह पीएचडी चेंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री और सेफ्टी कंट्रोल एंड डिवाइस प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से होटल क्लार्क अवध में उत्तर प्रदेश औद्योगिक सुरक्षा पर आयोजित सम्मेलन और एक्सपो को संबोधित कर रहे थे।
दो दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन उप मुख्यमंत्री ने उद्योग इकाई के बढ़ते आकार के साथ खतरों और दुर्घटनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार एक सुरक्षित और स्वस्थ माहौल बनाने में सक्षम रही है। उन्होंने सम्मेलन में आए सुझाव का समर्थन भी किया।
उन्होंने कहा कि खतरों के प्रति जागरूकता उन ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक महत्व रखती है जहां एलपीजी का उपयोग अभी भी नया है और गति पकड़ रहा है। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के उद्देश्य से सरकार विदेशी निर्भरता को कम करने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में काम कर रही है।
इस दौरान अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि सुरक्षा नियंत्रण और प्रशिक्षण से बहुत सी औद्योगिक दुर्घटनाओं, खतरों को रोका जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि बताया कि प्रदेश के सभी 819 प्रखंडों में अग्नि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए दमकल केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य है। सेफ्टी कंट्रोल डिवाइस के प्रबंध निदेशक रजनीश चोपड़ा, सीनियर सदस्य मुकेश सिंह ने भी सम्मेलन में अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में इंजीनियर्स इंडिया की प्रबंध निदेशक वर्तिका शुक्ला, गेल के सलाहकार एसपी गर्ग सहित इंडियन आयल कारपोरेशन, ग्रीन गैस लिमिटेड, यूपी फायर सर्विस से जुड़े अधिकारी, उद्योग, शिक्षाविद और अन्य क्षेत्रों के लोग उपस्थित रहे।
65 फीसद अग्निकांड होते हैं शार्ट सर्किट के कारण : डीजी फायर सर्विस अविनाश चंद्र ने बताया कि 65 प्रतिशत आग की घटनाएं शार्ट-सर्किट की वजह से होती हैं। इसलिए पुरानी इंडस्ट्रीज में समय समय पर पुरानी वायरिंग की जांच करते रहना चाहिए। कंपनी और इंडस्ट्री में फायर सेफ्टी आडिट बहुत जरूरी है क्योंकि जब आपकी इलेक्ट्रिकल सप्लाई की व्यवस्था सुरक्षा के लिहाज से सही होगी तभी आप और आपके कर्मचारी सुरक्षित होंगे।