खुद फैलाते हिंसा, संघ को कर रहे बदनाम : दिनेश शर्मा Raebareli News
रायबरेली में सीएए के समर्थन में हुई जनसभा में बोले उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा विपक्ष पर साधा निशाना।
रायबरेली, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून के बारे में विस्तार से जानकारी देने के लिए शहर के सुपर मार्केट में जनसभा का आयोजन किया गया। साथ ही पदयात्रा निकालकर लोगों को जागरुक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि नागरिकता संशोधन बिल अधिकार देने के लिए बना है, अधिकारी छीनने के लिए नहीं। एमअाइएम के नेता ओवैसी ने कहा कि आप सिख को, ईसाइ को, बौद्ध को नागरिकता दे रहे हैं। मुसलमानों को क्यों नहीं। वो इसलिए कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान मुस्लिम बाहुल्य देश हैं। वहां वे बहुसंख्यक हैं, इसलिए नागरिकता नहीं दी जा रही। 31 दिसंबर 2014 तक जो शरणार्थी भारत में रह रहे हैं। उन सभी को नागरिकता देने का काम भारत सरकार करने जा रही है। कम्यूनिस्टों के लिए उन्होंने कहा कि इन लोगों ने जाल बना रखा है। जो खुद हिंसा फैलाता है और फिर कहता है कि संघ वालों ने कर दिया। ये लोग देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को सशक्त बनाने का जो सपना देखा है, उसे पूरा नहीं होने देना चाहते।
जनसभा के बाद सुपर मार्केट से घंटाघर, बस अड्डा होते हुए पदयात्रा निकाली गई। जिसमें डिप्टी सीएम भी पैदल चले और इस एक्ट को लेकर जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करने को कहा।
डिप्टी सीएम से मिलने आईं कांग्रेस विधायक
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में सदर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह उप मुख्यमंत्री से मिलने आईं। लगभग दस मिनट वह गेस्ट हाउस में रुकीं। उसके बाद डिप्टी सीएम जनसभा और पद यात्रा के लिए सुपर मार्केट आ गए।