पत्नी के अवैध संबंध की सजा बेटी को, पिता ने की हत्या
पत्नी के अवैध संबंध से परेशान दिल्ली एक युवक ने अपनी पांच वर्ष की पुत्री को सजा दे दी। उसने दिल्ली से लखनऊ आकर पुत्री को गोमती नदी में डुबोकर मार डाला। इसके बाद पागलपन का नाटक करने लगा। लोगों ने आरोपी पिता को पुलिस को सौंप दिया।
लखनऊ। पत्नी के अवैध संबंध से परेशान दिल्ली एक युवक ने अपनी पांच वर्ष की पुत्री को सजा दे दी। उसने दिल्ली से लखनऊ आकर पुत्री को गोमती नदी में डुबोकर मार डाला। इसके बाद पागलपन का नाटक करने लगा। लोगों ने आरोपी पिता को पुलिस को सौंप दिया। जिसको गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
दिल्ली निवासी बिहार के बिरजू को अपनी पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था। बिहार के दरभंगा निवासी बिरजू की शादी बिहार की ही शालू गुप्ता से हुई थी। बिरजू पत्नी के साथ दिल्ली के तम्बाकू फैक्ट्री, स्वतंत्र नगर में कई वर्ष से रह रहा था। इनके दो पुत्रियां हैं। छोटी बेटी की उम्र दो वर्ष है जबकि मृतक पांच वर्ष की थी।
बिरजू ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसको अपनी पत्नी के चाल-चलन पर शक था। इस वजह से उसकी कई दिनों से अनबन चल रही थी। इसके कारण वह अपनी पत्नी से बदला लेने की जुगत में था। लखनऊ के एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि इस वजह से वह अपनी बड़ी बेटी को लेकर ट्रेन से लखनऊ चला आया। वह गोमती नदी के किनारे बेटी को नहलाने के बहाने ले गया और उसकी नदी में डुबाकर हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच कर रहे एसओ महानगर पीके झा ने बिहार से मदद लेकर आरोपी के परिजनों से संपर्क किया। आरोपी की पत्नी के भाई प्रमोद गुप्ता से पूछताछ के बाद पूरा मामला सामने आया।