अमेठी में विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, ससुरालियों ने बताई ये वजह
अमेठी के शिवरतनगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत गढ़ी मोहकम मजरे सातनपुरवा का मामला। मायके पक्ष को फोन कर घटना की सूचना दी है।
अमेठी, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक विवाहिता का शव ससुराल में फांसी पर लटका मिला। सुसराल वालों ने मृतका के मानसिक स्थिति खराब होने के कारण उसका इलाज चलने की बात बताई है। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को फोन कर घटना की सूचना दी है। पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये है पूरा मामला
मामला शिवरतनगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत गढ़ी मोहकम मजरे सातनपुरवा का है। यहां के निवासी चांदबाबू के साथ दो साल पहले रायबरेली जिले के खीरों थानांतर्गत फतेहपुर निवासी रुबीना(23वर्ष) पुत्री अनवर अली के साथ हुआ था। शुक्रवार की दोपहर छत के ऊपर बने कमरे में रुबीना का शव दुपट्टे के सहारे लोहे की पाइप से लटका मिला। ससुरालीजन मृतका की मानसिक स्थिति खराब होने के कारण उसका इलाज चलने की बात बता रहे हैं। मृतका की एक छह माह की पुत्री भी है। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को फोन कर घटना की सूचना दी है। मौके पर पहुंची तहसीलदार श्रद्धा सिंह ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इस सम्बंध में निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही उसके अनुसार मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।