गोंडा में दावत में गए युवक की गला रेतकर हत्या, तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप
गोंडा में खोड़ारे थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी पत्नी का आरोप है कि सीतारामपुर ग्रंट के दो लोगों व फरेंदा बुजुर्ग के एक व्यक्ति से उसके पति का जमीनी विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व जान से मारने की धमकी भी आरोपितों ने दी थी।
गोंडा, जेएनएन। खोड़ारे थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी एक व्यक्ति की गला काटकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पत्नी ने हत्या का कारण जमीन विवाद बताया है।
अहिरौली गांव निवासी सलीमुन्निशा ने थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि उसका पति मो. हदीस बुधवार की शाम फरेंदा बुजुर्ग में क्षेत्र पंचायत सदस्य के यहां दावत खाने गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसने सोचा कि वह किसी जानने वाले के यहां रुक गए हैं। गुरुवार की सुबह मो. अलीम ने बताया कि हसनगढ़ चली जाओ। दुर्घटना हो गई है। वह हसनगढ़ पहुंची तो देखा कि सड़क किनारे स्थित एक खेत में उसके पति का शव पड़ा हुआ है। हदीस के गले पर धारदार हथियार के निशान के साथ ही सिर व शरीर के अन्य स्थानों पर भी चोट के निशान पाए गए हैं।
पत्नी का आरोप है कि सीतारामपुर ग्रंट के दो लोगों व फरेंदा बुजुर्ग के एक व्यक्ति से उसके पति का जमीनी विवाद चल रहा था। कुछ दिन पूर्व जान से मारने की धमकी भी आरोपितों ने दी थी। चर्चा है कि आशनाई को लेकर बीते दिनों मृतक व कुछ लोगों के बीच मारपीट भी हुई थी। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक पर चार आपराधिक मुकदमे हैं। उस पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है। उसकी पत्नी ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा करके कार्रवाई की जाएगी। डाग स्क्वायड व विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने पहुंचकर छानबीन की।