विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रीन गैस लिमिटेड के उपभोक्ताओं को भी निशाना बनाने का प्रयास कर रहे साइबर ठग, कंपनी ने जारी किया अलर्ट

Published: Thu, 10 Sep 2026 03:48 PM (IST)

Cyber Fraud Alert By GGL : कंपनी ने बताया कि धोखाधड़ी करने वाली APK फाइलों को डाउनलोड करने का मामला भी इसमें जरूर शामिल हो सकता है।

ग्रीन गैस लिमिटेड ने अलर्ट जारी किया

ग्रीन गैस लिमिटेड ने अलर्ट जारी किया

HighLights

  1. धोखाधड़ी वाली कॉल्स पर खुद को कंपनी प्रतिनिधि बता रहे साइबर ठग

  2. एसएमएस और व्हाट्सएप के अलावा अन्य माध्यम से भी कर रहे संपर्क

  3. मांग रहे बैंक अकाउंट, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या दूसरी वित्तीय जानकारी

  4. OTP, PIN, पासवर्ड या दूसरी गोपनीय जानकारी लेकर कर रहे अकाउंट साफ

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। तमाम तरीके अपनाकर लोगों को ठगने वाले साइबर ठग अब बेहद उपयोगी सुविधाओं में भी सेंध लगा रहे हैं। ग्रीन गैस लिमिटेड के पीएनजी कनेक्शन देने के नाम पर लोगों को फोन कॉल्स यो एसएमएस भेजकर ठगने का प्रयास किया जा रहा है। रोज हजारों लोगों को संपर्क करने की जानकारी मिलने पर ग्रीन गैस लिमिटेड ने अलर्ट जारी किया है, जिससे कोई भी साइबरों ठगों का शिकार न बन सके।

ग्रीन गैस लिमिटेड ने लखनऊ में अपने सभी पीएनजी ग्राहकों को कुछ धोखाधड़ी वाली कॉल्स और साइबर गतिविधियों के बारे में सावधान किया है। कंपनी के डीजीएम मार्केटिंग प्रवीन सिंह ने बताया कि अनजान लोग या साइबर ठग खुद को ग्रीन गैस लिमिटेड का अधिकारी या प्रतिनिधि बता सकते हैं। ऐसे धोखेबाज ग्राहकों से फोन कॉल, SMS, WhatsApp मैसेज या दूसरे डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। ग्राहकों से बैंक अकाउंट, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या दूसरी वित्तीय जानकारी के साथ ही OTP, PIN, पासवर्ड या दूसरी गोपनीय जानकारी भी मांगी जा सकती है।

PNG सप्लाई काटने की धमकी

ग्रीन गैस लिमिटेड ने लोगों को आगाह किया है कि संदिग्ध लिंक, QR कोड या मोबाइल ऐप के माध्यम से पेमेंट करने की मांग करने वाले PNG सप्लाई काटने की धमकी दे सकते हैं। यह लोग तुरंत पेमेंट या दूसरे चार्ज की मांग करने के साथ PNG रजिस्ट्रेशन, बिल पेमेंट, कनेक्शन चालू करने या दूसरी सेवाओं के बहाने कोई भी निजी या वित्तीय जानकारी भी ले सकते हैं।

न डाउनलोड करें APK फाइल

कंपनी ने बताया कि धोखाधड़ी करने वाली APK फाइलों को डाउनलोड करने का मामला भी इसमें जरूर शामिल हो सकता है। साइबर धोखेबाज ग्राहकों से PNG कनेक्शन अपडेट करने, बिल पेमेंट, KYC, सब्सिडी या सर्विस चालू करने के बहाने APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कह सकते हैं।

संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें

ग्रीन गैस लिमिटेड ने सभी ग्राहकों से सावधान रहने के साथ किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP, बैंक की जानकारी, पासवर्ड या कोई भी गोपनीय जानकारी शेयर न करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ग्राहकों को यह भी सलाह दी है कि वे संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें या अनधिकृत लिंक या ऐप के माध्यम से पेमेंट न करें। ग्राहकों से अनुरोध है कि वे कोई भी जानकारी शेयर करने या पेमेंट करने से पहले ग्रीन गैस लिमिटेड का प्रतिनिधि होने का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति की पहचान की पुष्टि कर लें।

PNG सेवाओं के बारे में किसी भी स्पष्टीकरण, शिकायत या पुष्टि के लिए, ग्राहक ग्रीन गैस लिमिटेड कस्टमर केयर से 6390905003 पर संपर्क कर सकते हैं या आधिकारिक वेबसाइट www.gglonline.net पर जा सकते हैं। किसी भी संदिग्ध साइबर धोखाधड़ी या धोखाधड़ी वाली गतिविधि के मामले में, ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे तुरंत संबंधित साइबर क्राइम अधिकारियों को मामले की रिपोर्ट करें और ग्रीन गैस लिमिटेड को सूचित करें।

लखनऊ के साउथ सिटी में मिला कनेक्शन बंद होने का संदेश

साउथ सिटी के भगवंत पांडेय के मुताबिक 17 अगस्त को उन्हें ग्रीन गैस कनेक्शन बंद होने का संदेश मिला। मैसेज में दिए नंबर पर संपर्क करने पर व्यक्ति ने खुद को ग्रीन गैस लिमिटेड का अधिकारी बताया। सीआरएन अपडेट करने के नाम पर 13 रुपए का भुगतान करने को कहा गया। भुगतान के प्रयास के दौरान ठग ने एक स्क्रीनशॉट भेजकर कनेक्शन वेरिफिकेशन का झांसा दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर लगातार एसएमएस और ओटीपी आने लगे। कुछ ही देर में करंट अकाउंट से तीन बार करीब 2-2 लाख रुपए और आईसीआईसीआई के संयुक्त बचत खाते से 1.08 लाख रुपए निकाल लिए गए। दोनों खातों से कुल 7.08 रुपए की ठगी हुई। पीड़ित का आरोप है कि ठगों ने नेट बैंकिंग का पासवर्ड और बैंक में दर्ज ई-मेल आईडी भी बदल दी।