क्रिकेटर ईशांत शर्मा बनेंगे वाराणसी के दामाद, विवाह इसी वर्ष
विख्यात क्रिकेटर ईशांत शर्मा वाराणसी की अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह के साथ जल्द ही विवाह के बंधन में बंधेगें।
लखनऊ (जेएनएन)। साहित्य व संस्कृति की राजधानी वाराणसी में दो खेल के महारथी विवाह के बंधन में बंधेंगे। विख्यात क्रिकेटर ईशांत शर्मा वाराणसी की अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह के साथ जल्द ही विवाह के बंधन में बंधेगें।
दिल्ली के ईशांत शर्मा ने गुडग़ांव में कल एक होटल में वाराणसी की अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह को अंगूठी पहना कर मंगनी की रस्म पूरी की। दोनों पिछले दो वर्ष से एक दूसरे के संपर्क में थे। मंगनी के समय दोनों परिवारों के रिश्तेदार वहां मौजूद थे। विवाह इसी वर्ष होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- भारतीय क्रिकेट के सामने ये है एक बड़ी चुनौती, आखिर कैसे निकलेगा इसका हल?
प्रतिमा की बड़ी बहन प्रियंका सिंह राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी रही हैं और इस समय बैंकाक (थाईलैंड) में पति के साथ बास्केटबॉल का प्रशिक्षण दे रही हैं जबकि दूसरी दिव्या सिंह कई वर्ष तक भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की कप्तान रही और इस समय भारतीय जूनियर टीम की प्रशिक्षक हैं। इनके साथ ही प्रतिमा की बहन प्रशांति सिंह व आकांक्षा सिंह भी अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं। बास्केटबॉल की दुनिया में इन्हें सिंह सिस्टर्स के रूप में जाना जाता है। इन पांचों पर एक डॉक्युमेंटरी भी बन चुकी है।
सब खुश हैं इस रिश्ते से : उर्मिला
बास्केटबॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह और ईशांत शर्मा की मंगनी को लेकर सभी लोग बहुत खुश हैं। प्रतिमा की मां उर्मिला सिंह ने बताया कि दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से दोस्ती थी। जब प्रतिमा ने ईशांत से विवाह करने की बात कही तो शुरू में उन्हें कुछ अजीब से लगा, लेकिन परिवार के सभी सदस्यों से बातचीत के बाद उन्होंने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी।
यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया की राजधानी में दिखा दिल्ली का जलवा, इन धुरंधरों ने मचाया धमाल
शुरू में ईशांत के परिवार को रिश्ते को लेकर कुछ हिचकिचाहट थी लेकिन बाद में सब ठीक हो गया। कल दोनों के बीच मंगनी हो गई। जल्द ही विवाह की तारीख घोषित कर दी जाएगी। वाराणसी के खेलप्रेमियों का कहना है कि इस रिश्ते से सभी खुश हैं। टेस्ट और वनडे क्रिकेटर में धूम मचाने वाले ईशांत बनारस के दामाद बनने जा रहे हैं।