विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में अधिवक्ता वेशधारी अपराधियों पर शिकंजा, विशेष प्रकोष्ठ फिर सक्रिय

Published: Sat, 25 Jul 2026 10:59 AM (IST)

लखनऊ पुलिस ने जमीन कब्जाने और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अधिवक्ता वेशधारी अपराधियों के खिलाफ विशेष प्रकोष्ठ को फिर से ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. अधिवक्ता वेशधारी अपराधियों के खिलाफ विशेष प्रकोष्ठ सक्रिय।

  2. पीड़ित सीधे प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

  3. उपनिरीक्षक रामेश्वर तिवारी प्रकोष्ठ के प्रभारी नियुक्त।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों पर अवैध कब्जे समेत आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अधिवक्ता वेशधारी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष प्रकोष्ठ की व्यवस्था का दोबारा व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू किया है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के अनुपालन में गठित इस प्रकोष्ठ में पीड़ित सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में ऐसे मामलों की शिकायतें लगातार मिलने के कारण लोगों को इस व्यवस्था की जानकारी देना जरूरी हो गया है।

थानों में लगातार आ रही शिकायतों के बाद भी पुलिस आयुक्त ने लिया निर्णय

पुलिस आयुक्त के मुताबिक इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में विचाराधीन रिट याचिका अनिल कुमार खन्ना बनाम उत्तर प्रदेश सरकार व अन्य में दो दिसंबर 2023 को पारित आदेश के अनुपालन में आठ दिसंबर 2023 को पुलिस आयुक्त ने संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) को नोडल अधिकारी नामित करते हुए विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया था। इस प्रकोष्ठ का उद्देश्य ऐसे अधिवक्ताओं के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की निगरानी करना है, जो संगठित गिरोह बनाकर लोगों की जमीन, भवन, प्लाट और अन्य संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं।

शिकायतों को मुकदमे के बाद चार्जशीट करवाने के साथ कोर्ट जाएगी रिपोर्ट

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में इस प्रकोष्ठ की जानकारी समाचार पत्रों, इलेक्ट्रानिक मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक रूप से प्रसारित करने के निर्देश दिए थे। पुलिस के अनुसार, पहले भी इंटरनेट मीडिया और अन्य प्लेटफार्म के जरिए इसका प्रचार किया गया था, लेकिन वर्तमान में दोबारा शिकायतें मिलने के कारण इसका पुनः प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विशेष प्रकोष्ठ कानून एवं व्यवस्था के कार्यालय में कक्ष संख्या-36 में संचालित है। यहां उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में शिकायतों की सुनवाई की जाती है।

उपनिरीक्षक रामेश्वर तिवारी को प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया 

उपनिरीक्षक रामेश्वर तिवारी को प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। शिकायतकर्ता सीधे कार्यालय पहुंचकर आवेदन दे सकते हैं। साथ ही उनके मोबाइल नंबर पर 9454634500 भेज सकते हैं। इसके अलावा थाना स्तर पर शिकायत दर्ज कराने और नियमानुसार कार्रवाई की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने की अपील

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि लोगों से अपील की है कि यदि अधिवक्ता के वेश में कोई व्यक्ति या गिरोह संपत्ति पर अवैध कब्जा, धमकी, धोखाधड़ी या अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त मिले तो उसकी शिकायत विशेष प्रकोष्ठ में दर्ज कराएं, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें- लखनऊ अग्निकांड: रास्ते सील और 100 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात, ढहाई जा रही 15 मौतों वाली चार मंजिला इमारत

यह भी पढ़ें- लखनऊ में आज कई क्षेत्रों में बिजली संकट, हजारों उपभोक्ता होंगे प्रभावित