Covid Cases In UP: उत्तर प्रदेश के 33 जिले कोरोना संक्रमण से मुक्त, 10 नए पाजिटिव केस मिले
Covid Cases In UP उत्तर प्रदेश के 33 जिलों में में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। पिछले 24 घंटे में दो लाख 30 हजार 740 सैम्पल टेस्टिंग में 10 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। मात्र आठ जिलों में ही नए मरीज मिले।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर पर बने प्रभावी नियंत्रण के बीच जनजीवन तेजी से सामान्य हो रहा है। देश के अन्य राज्यों के सापेक्ष उत्तर प्रदेश में स्थिति बहुत बेहतर है। अब प्रदेश के 33 जिलों में कोविड का एक भी एक्टिव केस नहीं है। कोविड टेस्टिंग में 67 जिलों में कोई भी नया पाजिटिव केस नहीं मिला। पिछले 24 घंटे में दो लाख 30 हजार 740 सैम्पल टेस्टिंग में 10 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। मात्र आठ जिलों में ही नए मरीज मिले। इसी अवधि में 16 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज भी हुए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट के मंत्र से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। यह सतर्कता और सावधानी बरतने का समय है। थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण को बढ़ाने का कारण बन सकती है। इस समय राज्य में 191 संक्रमितों का उपचार हो रहा है। औसतन हर दिन सवा दो लाख से ढाई लाख तक टेस्ट हो रहे हैं, जबकि पाजिटिविटी दर 0.01 से भी कम हो गई है और रिकवरी दर 98.7 फीसद है।
उत्तर प्रदेश के 33 जिलों में में कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। इन जिलों में अलीगढ़, अमरोहा, अयोध्या, बागपत, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बस्ती, बहराइच, भदोही, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, कासगंज, ललितपुर, महोबा, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शामली, सिद्धार्थ नगर और सोनभद्र शामिल हैं। राज्य में अब तक सात करोड़ 44 लाख 95 हजार 406 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 16 लाख 86 हजार 457 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं।
कोविड से बचाव के लिए प्रदेश में टीकाकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। प्रदेश में सात करोड़ आठ लाख से अधिक लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है। गुरुवार को 12 लाख से अधिक लोगों ने टीकाकवर प्राप्त किया। प्रदेश में कुल कोविड वैक्सीनेशन आठ करोड़ 47 लाख से अधिक हो गया है। यह किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है। सीएम योगी ने कहा कि इस प्रक्रिया को और तेज किए जाने की आवश्यकता है। टीके की उपलब्धता के लिए भारत सरकार से सतत संपर्क बनाए रखा जाए।