COVID-19 Vaccination in Lucknow: नया माइक्रो प्लान तैयार, लखनऊ के 44 अस्पतालों में 44 हजार हेल्थ वर्करों को लगेगा टीका
COVID-19 Vaccination in UP टीकाकरण का नया माइक्रो प्लान तैयार चार दिवसीय टीकाकरण में प्रथम चरण के सभी लाभार्थियों को वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य तय। टीकाकरण की तारीख 28 जनवरी 29 जनवरी चार फरवरी व पांच फरवरी तय की गई है।
लखनऊ, जेएनएन। COVID-19 Vaccination in UP: प्रधानमंत्री ने कोरोना टीकाकरण को रफ्तार देने का निर्देश दिया। ऐसे में यूपी का स्वास्थ्य विभाग एक्शन में आ गया। जिले में चार दिवसीय टीकाकरण का नया माइक्रो प्लान तय किया गया है। इसमें प्रथम चरण के सभी लाभार्थियों को वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य तय किया गया है। इनकी संख्या 44 हजार से ज्यादा है।
डिस्ट्रिक्ट इम्युनाइजेशन ऑफिसर डॉ. एमके सिंह के मुताबिक, टीकाकरण का नया माइक्रो प्लान तैयार हो गया है। चार दिवसीय टीकाकरण में प्रथम चरण के लाभार्थियों का वैक्सीनेशन पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। टीकाकरण की तारीख 28 जनवरी, 29 जनवरी, चार फरवरी व पांच फरवरी तय की गई है। इसमें 28, 29 जनवरी व चार फरवरी को 90 फीसद लाभार्थी को वैक्सीनेशन किया जाएगा। वहीं, पांच फरवरी को शेष दस फीसद को टीका लगाया जाएगा। इसमें छूटे लोगों को सरकार का आदेश आने पर टीका लगाया किया जाएगा। जनपद में 54, 425 हेल्थ वर्कर पंजीकृत हैं। इनमें से कइयों को टीका लग चुका है।
नौ अस्पताल और शामिल किए गए: 16 जनवरी को 12 अस्पतालों में 12 बूथ पर टीका लगाया गया। वहीं 22 जनवरी को 35 अस्पतालों के 85 बूथ पर टीका लगाया गया। वहीं अब नौ अस्पताल और शामिल किए गए हैं। इसमें हर दिन अलग-अलग संख्या में बूथ होंगे। अब कुल 44 अस्पतालों 44 हजार 725 हेल्थ वर्कर को टीका लगाया जाएगा। इसमें अवध अस्पताल, सरदार पटेल, फातिमा अस्पताल, मिडलैंड अस्पताल, विवेकानंद अस्पताल, मेयो अस्पताल, सेंट जोसेफ अस्पताल, चरक अस्पताल समेत नौ को जोड़ा गया है।
एक दिन में 120 बूथ पर वैक्सीनेशन: चार दिवसीय टीकाकरण में तीन दिवसों के बूथ भी तय कर दिए गए हैं। इसमें 28 जनवरी को 120 बूथों पर वैक्सीन लगेगी। 29 जनवरी को 115 बूथ पर वैक्सीन लगेगी। वहीं चार फरवरी को 101बूथों पर वैक्सीन लगेगी। हर बूथ पर छह हेल्थ वर्कर व पुलिस की टीम होगी। सबसे ज्यादा बूथ केजीएमयू में बनेंगे।
6600 वैक्सीन वायल मिले: जनपद में वैक्सीनेशन के लिए वैक्सीन की दूसरी खेप मिल गई है। पहली बार में जहां 6198 वायल मिले थे। वहीं दूसरी बार में 6600 वैक्सीन वायल प्रदान की गई हैं। एक वायल में 10 डोज होती हैं। नई तारीख के लिए 18 कोल्ड चेन प्वाइंट सक्रिय रहेंगे।