COVID-19 in UP: उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ रही कोरोना वायरस संक्रमण से रिकवरी दर, अब एक्टिव केस 25,546
Corona Virus in UP प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि इस समय सक्रिय मामलों की संख्या 25546 रह गई है। प्रदेश में रिकवरी दर 97.30 प्रतिशत हो गई है। पॉजिटिविटी दर इस वक्त 3.4 प्रतिशत हो गई है।
लखनऊ, जेएनएन। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ ट्रैक, टेस्ट तथा ट्रीट फॉर्मूला पर बेहद असरदार अमल का बड़ा असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या दिन पर दिन कम होती जा रही है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में तीन लाख 40,411 सैंपल में से 1268 नए संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 108 लोगों की मौत भी हुई है।
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि इस समय सक्रिय मामलों की संख्या 25,546 रह गई है। प्रदेश में रिकवरी दर 97.30 प्रतिशत हो गई है। पॉजिटिविटी दर इस वक्त 3.4 प्रतिशत हो गई है। कोविड की दूसरी लहर में भी प्रदेश पटरी पर आ रहा है। प्रदेश में कोविड के एक्टिव केस की संख्या अब महज 25,546 रह गई है। नए संक्रमितों की संख्या अब दहाई तक सिमट गई है। बीते 24 घंटे में लखनऊ में सर्वाधिक 75 तथा मेरठ में 55 नए मामले आए हैं। कानपुर में 15 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि दस की मौत हुई है।
लखनऊ में छह की मौत हुई है। प्रदेश में महीने भर में 13 प्रतिशत पॉजिटिविटी रेट घटा है। एक महीने पहले यह 14.1 प्रतिशत था और अब यह घटकर 0.4 फीसद रह गया है। अब हर दिन 30 से ज्यादा जिलों में 10 से कम नए संक्रमित मिल रहे हैं। अब तक 1,55,01,696 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज़ दे चुके हैं और 35,32,960 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज़ भी दे चुके हैं। अब तक कुल मिलाकर 1,90,34,656 डोज़ दिए जा चुके हैं। कल 18-45 आयु वर्ग के 1,96,337 लोगों ने वैक्सीन की डोज़ ली।
प्रदेश में एक्टिव केस के मामले में अब मेरठ में 1625, सहारनपुर में 1601, लखनऊ में 1465, वाराणसी में 1458, मुजफ्फरनगर में 1267, गोरखपुर में 995, गौतमबुद्धनगर में 730, गाजियाबाद में 727, बरेली में 719 एक्टिव केस हैं।