अटल बिहारी के निधन पर मुलायम सिंह बोले, नेतृत्व विहीन हो गया देश
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि देश नेतृत्व विहीन हो गया।
लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि देश नेतृत्व विहीन हो गया। उन्होंने अटलजी के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि लखनऊ व कई अन्य सभाओं में उनके साथ में रहना हुआ था। उनके बोलने की कला शानदार थी। उनका भाषण सुनने का विरोधी दलों के नेताओं को भी इंतजार रहता था और सब ही उनका सम्मान करते थे। अटलजी का स्नेह सबको राजनीति से ऊपर उठकर मिलता था। अटलजी में जरा भी घमंड न था। उनका निधन अपूर्णीय क्षति है। देश आज नेतृत्व विहीन हो गया है।
पार्टी हित से ऊपर सोचते थे अटलजी : मायावती
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शोक संदेश में कहा कि कवि मन वाले अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन में योगदान को हमेशा ही याद किया जाएगा। वह देश के एक ऐसे नेता थे जो पार्टी हित से ऊपर उठकर समाज के हित में सोचते थे। पार्टी व सरकार में रहने के बाद भी उन्होंने अनेक मौकों पर देश व समाज की भलाई के लिए काम करने का प्रयास किया। इसीलिए उनके बारे में कहा जाता था कि वह सही सोच वाले नेता थे परंतु हमेशा गलत पार्टी में रहे। मायावती ने कहा कि अगर वह स्वस्थ रहते तो भाजपा शायद कभी जनविरोधी, संकीर्ण, संकुचित, अहंकारी व विद्वेषपूर्ण नीति वाली पार्टी न हो सकती थी, जितनी आज नजर आती है।
एक महान जीवन का अंत : अखिलेश
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्विटर पर अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है कि एक महान जीवन का अंत लेकिन एक प्रेरणा जो सदा जीवित रहेगी। अटलजी को हमारी भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
करिश्माई व्यक्तित्व खो दिया : शिवपाल
सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने भी ट्वीट कर अपनी श्रद्धांजलि अटलजी को समर्पित की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि देश ने एक करिश्माई व्यक्तित्व को खो दिया है।
विराट व्यक्तित्व खोया : हृदयनारायण
विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश ने सर्वप्रिय नेता व विराट व्यक्तित्व खो दिया है, जिसकी भरपाई हो पाना संभव नहीं है। उनका संघर्षमय जीवन और मूल्य आधारित राजनीतिक दर्शन सदैव अनुकरणीय रहेगा।
एक युग का अवसान : रालोद
राष्ट्रीय लोकदल के प्रवक्ता अनिल दुबे ने अटलजी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए हुए कहा कि राजनीति में एक युग का अवसान हो गया है, जिसकी पूर्ति होना संभव नहीं है। जनता दल यूनाइटेड के महासचिव व प्रवक्ता सुभाष पाठक ने कहा कि अटल जी सर्वमान्य व्यक्तित्व थे। उन्होंने देश को नई दिशा देने का काम किया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राज्य सचिव डॉ. गिरीश ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन को लोकतंत्र को झटका बताते हुए कहा कि विभाजन, असहिष्णुता व हिंसा की राजनीति करने वाले अपनों को भी उन्होंने राष्ट्रधर्म का पाठ पढ़ाया।
वाजपेयी के निधन से बड़ी क्षति : जया प्रदा
पूर्व सांसद और फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। कहा है कि अटल जी के जाने से देश को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई हो पाना मुश्किल है। अटल जी सिर्फ राजनेता नहीं थे, बल्कि पूरे राष्ट्र के जन नेता थे। वह दल, जाति, भाषा, संप्रदाय से ऊपर उठकर सोचते थे। मेरा और अटल जी का लंबा सानिध्य रहा है, उनके साथ मैं राज्यसभा व लोकसभा की सदस्य रही हूं। वह मुझसे बेहद स्नेह करते थे।