UP Lockdown Day 4 : सड़कों पर जगह-जगह फंसे लोगों की मददगार बनी यूपी पुलिस
UP Lockdown Day 4 यूपी पुलिस अन्य विभागों के साथ समन्वय कर सड़कों पर फंसे लोगों को उनके घरों तक पहुंचने में मददगार की भूमिका निभा रही है।
लखनऊ, जेएनएन। UP Lockdown Day 4 : लॉकडाउन के चलते उत्तर प्रदेश में जगह-जगह सड़कों पर फंसे लोगों की पुलिस मदद करने में जुटी है। डायल 112 पर आने वाली कॉल पर किसी दूसरे जिले में जाने की सूचना देने वालों को पास के बस अड्डे पर एकत्र कराया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस जरूरतमंदों के बच्चों के लिए दूध व अन्य आवश्यक वस्तुएं पीआरवी के जरिये पहुंचा रही है।
इन सब के बीच कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए पुलिसकर्मियों को भी सोशल डिस्टेंसिंग को अपनाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अन्य विभागों के साथ समन्वय कर सड़कों पर फंसे लोगों को उनके घरों तक पहुंचने में मददगार की भूमिका निभा रही है। एडीजी 112 असीम अरुण ने बताया कि ऐसे लोगोंं की मदद के लिए कॉल टेकर को अलग से निर्देश दिए गए हैं।
महिला पुलिसकर्मी भी सुनेंगी कॉल
कोरोना की जंग में 112 पर कॉलों को दबाव कई गुना बढऩे पर महिला पुलिसकर्मी भी पहली बार खास मोर्चा संभालेंगी। स्वेच्छा से कंप्यूटर की जानकार 186 महिला आरक्षियों ने यह जिम्मेदारी संभालने की हामी भरी। अब उन्हें तीन दिन की ट्रेनिंग देकर कॉल टेकर की जिम्मेदारी दी जाएगी।
कालाबाजारी के खिलाफ भी कार्रवाई
पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान कालाबाजारी करने वालों के पर कानूनी फंदा कसना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश में प्रिवेंशन ऑफ ब्लैक मार्केटिंग एंड मेंटीनेंस ऑफ सप्लाई ऑफ एसेनिशयल कोमोडिटीज एक्ट-1980 के तहत 21 एफआइआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा अब तक आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 26 व धारा 188 के तहत 4698 मुकदमे दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रदेश में 111317 वाहनों का चालान किए जाने के साथ ही 9477 वाहन सीज भी किए गए हैं।