Coronavirus News Update : उत्तर प्रदेश में देश के मुकाबले कोरोना का संक्रमण काफी कम
Coronavirus News Update 23 करोड़ की आबादी वाले यूपी में प्रति दस लाख पर 86 व्यक्ति ही संक्रमित हैं। वहीं देश में प्रति दस लाख पर 344 लोग संक्रमित हैं।
लखनऊ, जेएनएन। सर्वाधिक आबादी वाले उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण देश और चार अन्य राज्यों के मुकाबले काफी कम है। 23 करोड़ की आबादी वाले यूपी में प्रति दस लाख पर 86 व्यक्ति ही संक्रमित हैं। वहीं देश में प्रति दस लाख पर 344 लोग संक्रमित हैं। राज्य में अभी तक कुल 6.15 लाख से अधिक टेस्ट हुए हैं। वहीं 135 करोड़ की आबादी वाले देश में कुल 4.74 लाख लोग संक्रमित हैं और कुल 75.60 लाख लोगों के टेस्ट हुए हैं।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के मामले में महाराष्ट्र और दिल्ली सहित चार राज्यों से यहां की स्थिति अच्छी है। इन राज्यों में प्रति दस लाख पर संक्रमित लोग राष्ट्रीय औसत से काफी आगे हैं। दिल्ली में प्रति दस लाख पर 3552 और महाराष्ट्र में प्रति दस लाख पर 1170 लोग संक्रमित हैं। यूपी में संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिए करीब एक लाख सविलांस टीमें हैं और इलाज की भी अच्छी सुविधा है। इसके कारण संक्रमण तेजी से नहीं बढ़ रहा। यूपी में अभी तक कुल 19671 रोगी पाए जा चुके हैं, ऐसे में यहां प्रति दस लाख की आबादी पर 86 लोग संक्रमित हैं।
उत्तर प्रदेश में अभी तक कुल 6.15 लाख से अधिक टेस्ट हुए हैं। वहीं 135 करोड़ की आबादी वाले देश में कुल 4.74 लाख लोग संक्रमित हैं। यहां प्रति दस लाख पर 344 लोग संक्रमित हैं। देश में कुल 75.60 लाख लोगों के टेस्ट हुए हैं। इसी तरह दिल्ली में अब तक 70,390 लोग संक्रमित मिले हैं। यहां की आबादी 1.98 करोड़ है। ऐसे में प्रति दस लाख पर 3552 लोग संक्रमित हैं। यहां पर 4.20 लाख लोगों के कोराना टेस्ट हुए हैं। महाराष्ट्र की आबादी 12.21 करोड़ है और यहां अभी तक 142900 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। यहां प्रति दस लाख की आबादी पर 1170 लोग संक्रमित हैं। महाराष्ट्र में अब तक 8.50 लाख लोगों के टेस्ट हुए हैं।
इसी तरह तमिलनाडु में 7.56 करोड़ आबादी है और यहां पर 67468 लोग संक्रमित हैं। ऐसे में यहां प्रति दस लाख में 891 लोग संक्रमित हैं। यहां 9.76 लाख लोगों की कोरोना जांच हुई है। गुजरात की आबादी करीब 6.79 करोड़ है और यहां पर अभी तक 29001 लोग संक्रमित मिले हैं। ऐसे में प्रति दस लाख व्यक्तियों में से 427 व्यक्ति संक्रमित हैं। यहां अभी तक 3.40 लाख लोगों की कोरोना जांच हुई है। फिलहाल यूपी में कोरोना वायरस का संक्रमण ज्यादा नहीं है।