CoronaVirus Kanika Kapoor : पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के साथ कनिका कपूर के 11 रिश्तेदारों की रिपोर्ट निगेटिव
CoronaVirus Positive Kanika Kapoor कनिका कपूर के साथ लखनऊ में पार्टी में शिरकत करने वाले कांग्रेस के नेता-पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की कोरोना वायरस रिपोर्ट निगेटिव आई है।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में भर्ती बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर के साथ लखनऊ में पार्टी में शिरकत करने वाले कांग्रेस के नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की कोरोना वायरस रिपोर्ट निगेटिव आई है। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ने रविवार को जितिन प्रसाद के साथ उनकी पत्नी की रिपोर्ट जारी की। जितिन प्रसाद और पत्नी नेहा प्रसाद की रिपोर्ट नेगेटिव है।
कानपुर में भी कनिका कपूर अपने रिश्तेदारों के घर गई थी। वहां पर उनसे भेंट करने वाले 11 लोगो की रिपोर्ट निगेटिव आई है। रविवार को लखनऊ के केजीएमयू से रिपोर्ट जारी हुई है। कनिका के मामा विपुल टण्डन की रिपोर्ट भी निगेटिव है। उनके परिवार के सभी सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव है। कारोना वायरस से पाजिटिव पाई गईं कनिका कपूर के कानपुर आने के बाद से परेशान लोगों के लिए राहत वाली खबर है। उनके संपर्क में आए लोगों में मामा समेत 11 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी 45 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। बेबी डॉल फेम कनिका कपूर का कानपुर आना दहशत का सबब बना था।
कनिका कपूर कानपुर में 13 मार्च को विष्णुपुरी कल्पना टॉवर में रहने वाले मामा के गृह प्रवेश कार्यक्रम में आई थीं। कनिका विपुल के यहां 3 घंटे तक रहीं थीं। स्वजनों ने पार्टी में 68 लोगों के होने और 23 के सीधे संपर्क में आने की जानकारी दी थी। स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों ने जानकारी के बाद शुक्रवार रात 32 और शनिवार को 21 लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। दो दिन में 53 लोगों के नमूने भेजे गए थे। केजीएमयू से मिली रिपोर्ट में कनिका के मामा विपुल टंडन समेत 11 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। विपुल टंडन, राधिका टंडन, मुकुल कुमार टंडन, नंदिनी टंडन, यश टंडन, मानवी टंडन, ख्याति टंडन, सुभांशी मेहरोत्रा, रुचि मेहरोत्रा, सोनल मेहरोत्रा समेत 11 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इस रिपोर्ट के आने से उन सभी लोगों ने राहत की सांस ली है, जो पार्टी में शामिल हुए थे।