Move to Jagran APP

CoronaVirus in UP : अयोध्या व अम्बेडकरनगर के क्वारंटाइन केंद्र में मांस-मदिरा की पार्टी UP News

CoronaVirus in UP रामनगरी अयोध्या के साथ अम्बेडकरनगर में क्वारंटाइन केंद्रों पर मांस तथा मदिरा की पार्टी का मामला सामने आया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Fri, 10 Apr 2020 06:49 PM (IST)Updated: Sat, 11 Apr 2020 10:45 AM (IST)
CoronaVirus in UP : अयोध्या व अम्बेडकरनगर के क्वारंटाइन केंद्र में मांस-मदिरा की पार्टी UP News
CoronaVirus in UP : अयोध्या व अम्बेडकरनगर के क्वारंटाइन केंद्र में मांस-मदिरा की पार्टी UP News

लखनऊ, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। उनके इस प्रयास में कुछ लोग पलीता लगाने में भी लगे हैं। सीएम लोगों से कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने की लगातार गुहार लगा रहे हैं ओर जिम्मेदार लोग बड़ी लापरवाही कर रहे हैं। रामनगरी अयोध्या के साथ अम्बेडकरनगर में क्वारंटाइन केंद्रों पर मांस तथा मदिरा की पार्टी का मामला सामने आया है। 

loksabha election banner

कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच में भी क्वारंटाइन केंद्रों पर मांस तथा मदिरा की पार्टी की जा रही है। जबकि कोरोना संदिग्ध तथा इससे संक्रमितों को मांस से बहुत दूर रहने की लगातार हिदायत जारी की जा रही है। ऐसा ही मामला रामनगरी अयोध्या के साथ अम्बेडकरनगर में सामने आया है। इन दोनों जगह क्वारंटाइन केंद्र में मांस-मदिरा की पार्टी चल रही थी। इसकी शिकायत के बाद जांच में इस मामले की पुष्टि हुई है।

अयोध्या के कुमारगंज में क्वारंटाइन केंद्र

अयोध्या के कुमारगंज में चौधरीपुर ग्राम पंचायत के सरकारी विद्यालय में कोरोना वायरस संक्रमण के संदिग्ध लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इसी केंद्र में मांस व मदिरा की पार्टी का प्रकरण जब जिला के अधिकारियों के पास पहुंचा तो वह काफी हैरान रह गए। क्वारंटाइन केंद्र में मांस के साथ मदिरा परोसे जाने के मामले में ग्राम प्रधान व उनके पुत्र प्रारंभिक जांच में दोषी मिले हैं। क्वारंटाइन में शराब परोसे जाने का प्रकरण बुधवार का है। 

जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के निर्देश पर बीडीओ अमानीगंज विकास सिंह व मिल्कीपुर के नायब तहसीलदार एचएन तिवारी संयुक्त रूप से जांच करने पहुंचे। नायब तहसीलदार ने बताया प्रारंभिक जांच में शिकायत सही मिलने पर जिलाधिकारी को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। उनके अनुसार क्वारंटाइन किए गए लोगों को प्रधान व उनके पुत्रों की तरफ से दावत दिये जाने की पुष्टि हुई है। शायद इसका खुलासा न होता अगर शराब के नशे में क्वारंटाइन केंद्र में एकत्र लोग आपस में मारपीट न करते। पूर्व माध्यमिक विद्यालय चौधरीपुर के क्वारंटाइन केंद्र में  प्रधान अमरनाथ यादव व उनके पुत्रों की तरफ से कुछ चहेते लोगों को मांस-मदिरा की पार्टी दी गई थी। छक कर शराब पीने के बाद लोगों ने आपस में मारपीट शुरू कर दी। चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत करा जिलाधिकारी को अवगत कराया।

अम्बेडकरनगर के क्वारंटाइन केंद्र पर मुर्गे की दावत, वीडियो वायरल

अम्बेडकरनगर में भीटी के अहिरौली थाना क्षेत्र के एक गांव के प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन सेंटर का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। आरोप है कि यहां क्वारंटाइन होने वाले सभी 13 लोग निर्धारित अवधि में क्वारंटाइन केंद्र की जगह अपने घरों में रहे। ग्राम प्रधान ने शुक्रवार को अंतिम दिन विद्यालय पर एकत्र कर उन्हें मुर्गा की दावत दी और स्वास्थ्य टीम बुलाकर स्क्रीनिंग कराकर घर भेज दिया। जो वीडियो वायरल हुआ उसमें एक चूल्हे पर चढ़ी कढ़ाई में कुछ बनता हुआ दिख रहा है। इस बावत ग्राम प्रधान विनय कुमार सिंह ने बताया इसमें कोई सच्चाई नहीं है। यह विरोधियों की फैलाई गई अफवाह है। निर्धारित अवधि में सभी लोग क्वारंटाइन सेंटर में ही रहे। थानाध्यक्ष कन्हैया यादव ने बताया जांच की गई तो सभी लोगों के सेंटर में ही रहने की पुष्टि हुई है। स्क्रीनिंग करने वाली टीम के डॉ. गौतम मिश्र ने बताया वे लोग कहां रहे, इससे विभाग का कोई वास्ता नहीं है। स्क्रीनिंग के दौरान क्वारंटाइन सभी 13 लोग स्वस्थ पाए गए। इसके बाद घर के लिए उन्हें छोड़ दिया गया।

नगर क्षेत्र में चल रहा तृतीय चरण का सैनिटाइजेशन

अयोध्या में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए युद्ध स्तर पर जुटे नगर निगम ने तीसरे चरण का सैनिटाइजेशन कार्य शुरू कर दिया है। शुक्रवार को नगर क्षेत्र में रामनगरी में दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय होते हुए हनुमान गुफा, बह्मबाबा से नयाघाट चौराहा, कुष्ठ आश्रम रोड, रामकथा पार्क व आसपास, कांशीराम कालोनी व मार्ग पर बड़ी स्प्रिंकलर मशीन की मदद से सैनिटाइजेशन किया गया। तृतीय चक्र में 6493 घरों में सैनिटाइजेशन का कार्य करा दिया गया है, जिसमें सार्वजनिक स्थलों, राजकीय कार्यालयों एवं न्यायालय को नियमित सैनिटाइज करने का काम किया गया है। नगर आयुक्त डॉ. नीरज शुक्ला की देखरेख में यह कार्य किया जा रहा है।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.