Coronavirus : अस्पताल में भर्ती सभी विदेशियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव, डॉक्टरों ने कहा-14 दिन रखेंगे नजर
राजधानी में पुलिस-प्रशासन की छापेमारी में शहर में 23 विदेशी नागरिक पकड़े गए थे।सभी को लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
लखनऊ, जेएनएन। शहर में छापामारी में पकड़े गए 23 विदेशी नागरिकों की जांच लैब में हो गई है। यह सभी निगेटिव मिले हैं। वहीं रात में छापामारी में बलरामपुर अस्पताल भेजे गए लोगों में भी संक्रमण नहीं मिला। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली, मगर खतरा बरकरार है।
राजधानी में पुलिस-प्रशासन की छापेमारी में शहर में 23 विदेशी नागरिक पकड़े गए थे। इनके संपर्क में दो गाइड भी आए थे। ऐसे में सभी को लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल के मु ताबिक क्वारंटाइन वार्ड में भर्ती 23 विदेशी नागरिकों समेत दोनों गाइड की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं बुधवार रात पकड़े गए 12 लोगों को बलरामपुर अस्पताल भेजा गया। इनका भी स्वैब कलेक्शन कर जांच के लिए सैंपल भेजा गया। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
14 दिन तक खतरा बरकरार
विदेशी व उनके संपर्क में अाए लोगों की रिपोर्ट भले ही निगेटिव आई है, मगर खतरा बरकरार हैे। कारण, शरीर में वायरस का संक्रमण उभरने में पांच से 14 दिन का वक्त अधिक खतरनाक होता है। ऐसे में विदेशी नागरिकों के लिए क्या फैसला होगा, यह जिला प्रशासन तय करेगा।
मस्जिद-मदरसों में मिले 97 लोग क्वारंटाइन किए गए
तब्लीगी जमात से वापस लौटे लोगों की तलाश में राजधानी पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की छापेमारी में मस्जिद और मदरसों में कुल 97 बाहरी लोगों के ठहरने की बात सामने आई है। इनमें सर्वाधिक मदरसे में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र शामिल हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सभी को क्वारंटाइन किया गया है। यही नहीं सभी लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक किसी को भी बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस उनके लिए राशन मुहैैया करा रही है।