COVID-19 in UP: कम होने लगे नए संक्रमित, 24 घंटे में 2402 नए कोविड संक्रमित केस और 159 की मौत
Corona Virus in UP प्रदेश में अब सक्रिय केस की संख्या 52244 है जो कि कभी तीन लाख से ऊपर थी। संक्रमण की रिकवरी दर बढ़कर 95.70 प्रतिशत हो गई है।सेकेंड स्ट्रेन के खिलाफ सरकार के बड़े अभियान तथा लोगों की जागरूकता का बड़ा असर सामने आने लगा है।
लखनऊ, जेएनएन। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की सेकेंड स्ट्रेन के खिलाफ सरकार के बड़े अभियान तथा लोगों की जागरूकता का बड़ा असर सामने आने लगा है। प्रदेश में पहले जहां एक दिन यानी 24 घंटे में 30 हजार से भी अधिक नए संक्रमित मिल रहे थे, अब यह संख्या 2402 पर सिमट गई है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में तीन लाख 58,407 लोगों का टेस्ट किया गया। जिसमें कोविड संक्रमण के 2,402 नए मामले सामने आए हैं। इसी दौरान यानी 24 घंटे में 8,145 लोग इसके कहर से उबरे हैं। प्रदेश में अब सक्रिय केस की संख्या 52,244 है, जो कि कभी तीन लाख से ऊपर थी। प्रदेश में अब कोरोना वायरस संक्रमण की रिकवरी दर बढ़कर 95.70 प्रतिशत हो गई है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 24 घंटे में 159 लोगों की मृत्यु हुई। प्रदेश में 3,58,407 कोविड टेस्ट किए गए। 24 घंटे में कोरोना के 2402 नए केस मिले हैं। लखनऊ में 172 नए संक्रमित सामने आए हैं तो नौ लोगों की मौत हुई है। मेरठ में 121 तथा आगरा में 21 नए संक्रमित मिले हैं। आगरा में 12 तो मेरठ में दस लोगों ने दम तोड़ा है।
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक 1,39,48,710 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। इसके साथ ही 34,06,590 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी गई है। अब तक कुल मिलाकर 1,73,55,300 डोज दी गई है। सूबे में एक जून से वैक्सीनेशन का बड़ा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ब्लैक फंगस से भी सख्ती से निपट रही है। सभी मेडिकल कॉलेज में ब्लैक फंगस का इलाज किया जा रहा है।
पुलिस कर्मी भी तेजी से उबरे : अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के दौर में ड्यूटी करने के दौरान संक्रमित होने वाले पुलिस के अधिकारी तथा जवान भी तेजी से उबर रहे हैं। अब विभाग के 342 व्यक्ति ही संक्रमित बचे हैं। इसी बीच 20,000 से अधिक कर्मी स्वस्थ हए हैं। प्रशांत कुमार ने बताया कि कोविड के दौरान अपना योगदान देते हुए हमारे कुछ साथियों की जान गई। फील्ड के सभी यूनिट को निर्देश दिए गए हैं कि जिन पुलिसकर्मियों की मृत्यु हुई है उनको मिलने वाली अनुदान राशि को शीघ्र ही पूरा करें।