यूपी जेलों में बढ़ रहा कोरोना वायरस का कहर, कुल टेस्ट हुए 2253 में अब तक 23 केस आए सामने
यूपी के स्थायी व अस्थायी कारागारों में 95 हजार से अधिक बंदी निरुद्ध हैं। स्थायी जेलों में अब तक 18 और कानपुर व आगरा की अस्थायी जेलों में पांच बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की जेलों में कोरोना का बढ़ता कहर नई चुनौती बनकर सामने आया है। आगरा सेंट्रल जेल के बाद आगरा जिला कारागार में भी तीन बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब तक जेलों में पॉजिटिव पाए गए बंदियों की संख्या 23 पहुंच गई हैं। डीजी जेल आनंद कुमार के निर्देश पर जेलों में बंदियों व जेल कॢमयों की पूल टेस्टिंग कराई जा रही है। डीजी ने जेलों में अतिरिक्त सतर्कता बरते जाने के भी निर्देश दिए हैं।
आगरा जिला जेल के अधीक्षक ने कारागार मुख्यालय को भेजी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि विचाराधीन बंदी मातादीन उर्फ मातो सिंह की आगरा मेडिकल कॉलेज में 13 मई को उपचार के दौरान मौत हो गई थी। उसकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। 15 मई को तीन कारागार कर्मियों व छह बंदियों के सैंपल लिए गए थे। इनमें तीन बंदियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिन्हें आइसोलेशन में रखा गया है।
सूबे के स्थायी व अस्थायी कारागारों में 95 हजार से अधिक बंदी निरुद्ध हैं। स्थायी जेलों में अब तक 18 और कानपुर व आगरा की अस्थायी जेलों में पांच बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब तक स्थायी व अस्थायी जेलों में 1883 बंदियों व 370 कर्मियों का परीक्षण कराया गया है। इनमें 1111 की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 1119 बंदियों व कर्मियों की रिपोर्ट का इंतजार है। मुरादाबाद जेल में संक्रमित हुए छह बंदी अब स्वस्थ हो गए हैं।