गोंडा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जताया विरोध, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
पेट्रोल-डीजल की कीमतों और शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी को लेकर कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन।
गोंडा, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के गोंडा में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। नवाबगंज ब्लॉक परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर विरोध जताया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश सिंह को सौंपा।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता त्रिजुगी नरायण तिवारी ने कहा कि केवल पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले उत्पाद शुल्क मे बार बार वृद्धि करके मोदी सरकार ने पिछले 6 सालों में 18 लाख करोड़ रुपये कमा लिए, लेकिन इससे गरीब मजबूर किसान और छोटे उद्योग धंधों की कमर टूट गई। यह सरकार सिर्फ पूंजी पतियों की सरकार है।
जिला महासचिव आशीष त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस द्वारा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के चेयरमैन शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी और लाठीचार्ज तानाशाही की याद दिलाती है। यदि शीघ्र ही हमारी मांंगों को ना माना गया तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। जेल भरो आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा। इस मौके पर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष आनंद कुमार, मानबहादुर सिंह डॉ गुलजार हैदर, जकी उस्मानी, चन्दन, शमीम, शक्ति सिंह, मोनू, अशोक उपस्थित रहे। तरबगंज, कर्नलगंज, मनकापुर व छपिया आदि ब्लॉक मुख्यालयों पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।