Move to Jagran APP

यूपी में कांग्रेस के अभियान से संगठन और विश्वास का इम्तिहान, पहले दिन सोशल मीडिया पर रखी बात

उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने योगी सरकार को घेरने का प्रयास शुरू कर दिया है। इसके लिए प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत रविवार को हो गई।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 06 Jul 2020 01:41 AM (IST)Updated: Mon, 06 Jul 2020 08:51 AM (IST)
यूपी में कांग्रेस के अभियान से संगठन और विश्वास का इम्तिहान, पहले दिन सोशल मीडिया पर रखी बात
यूपी में कांग्रेस के अभियान से संगठन और विश्वास का इम्तिहान, पहले दिन सोशल मीडिया पर रखी बात

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने योगी सरकार को घेरने का प्रयास शुरू कर दिया है। इसके लिए प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत रविवार को हो गई। पहले दिन पार्टीजन ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर अपनी बात रखी। अब जनता के बीच अभियान चलना है, जिससे कांग्रेस संगठन के साथ जनता में उसके प्रति विश्वास की भी परख होनी है।

loksabha election banner

कानपुर कांड के बाद कांग्रेस को एक और मौका सरकार पर हमलावर होने का मिल गया है। इसे देखते हुए ही शनिवार को पार्टी महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने प्लानिंग एंड स्ट्रेटजी कमेटी की बैठक ऑनलाइन कर अभियान की रूपरेखा अपनी टीम यूपी को समझाई। तय हुआ कि कांग्रेस पहले दिन सोशल मीडिया पर अपनी बात रखेगी। फिर जिला और मंडल स्तर पर जनता से आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायतें ली जाएंगी। जनता से कहा जाएगा कि उनकी किसी शिकायत का समाधान नहीं हो रहा है तो कांग्रेस संगठन से शिकायत करें। साथ ही पार्टी सत्ता और अपराधियों के गठजोड़ को भी तलाशेगी-उजागर करेगी।

इसी के तहत पहले दिन उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरकार की आलोचना की। अब कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना है, साथ ही जनता से शिकायतें भी प्राप्त करनी हैं। इसी में पार्टी का इम्तिहान है। अव्वल तो यह परख भी हो सकती है कि बूथ स्तर तक कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे की स्थिति क्या है। इसके अलावा जनता कितना भरोसा कर कांग्रेस को अपनी शिकायतें देती है।

कई अपराधों में यूपी टॉप पर : लगातार सरकार पर हमलावर कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने रविवार को कानून व्यवस्था को लेकर तीखा ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि पिछले एक हफ्ते में उप्र में करीब पचास हत्याएं हुईं। सीएम के प्रचार में तो यूपी अपराधमुक्त हो चुका है, लेकिन सच्चाई कुछ और ही है। आंकड़ों के अनुसार कई अपराधों में यूपी पूरे देश में टॉप पर है। आज फिर जौनपुर में एक नृशंस हत्या का मामला सामने आया। अब बहुत हुआ। जवाबदेही किसकी है?


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.