UP Politics: कांग्रेस ने शुरू की आजादी गौरव यात्रा, 15 अगस्त तक चलेगी, हर लोक सभा क्षेत्र में 75 किमी की दूरी तय करेगी
कांग्रेस ने यूपी में भारत छोड़ो आंदोलन की 80वीं वर्षगांठ पर आजादी गौरव यात्रा शुरु की है। यह यात्रा 15 अगस्त तक पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस यूपी की राजनीति में अपने खो चुके मुकाम को एक बार फिर हासिल करना चाहती है।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। भारत छोड़ो आंदोलन की 80वीं वर्षगांठ पर उप्र कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश में आजादी गौरव यात्रा शुरू की है। 15 अगस्त तक चलने वाली यह यात्रा प्रदेश के 80 लोक सभा क्षेत्रों से गुजरेगी।
प्रत्येक लोक सभा क्षेत्र में यात्रा न्यूनतम 75 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस तरह आजादी गौरव यात्रा प्रदेश में 6000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। राजधानी लखनऊ में शहर कांग्रेस कमेटी ने शहीद स्मारक तो जिला कांग्रेस कमेटी ने काकोरी शहीद स्मारक से यात्रा शुरू की।
अयोध्या में उप्र कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष निर्मल खत्री के नेतृत्व में आजादी गौरव यात्रा निकली। सीतापुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व सह प्रभारी धीरज गुर्जर की उपस्थिति में लाल बाग स्थित शहीद पार्क से यात्रा आरंभ हुई और कैप्टन मनोज पांडेय चौक पर समाप्त हुई।
प्रतापगढ़ में कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना की उपस्थिति में यात्रा आयोजित हुई। लखीमपुर खीरी में पूर्व सांसद जफर अली नकवी की अगुआई में यात्रा आयोजित हुई।
गोरखपुर में जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक वीरेन्द्र चौधरी मौजूद थे। उन्नाव में जिलाध्यक्ष आरती बाजपेयी व प्रभारी सचिव प्रतिभा अटल पाल तो अंबेडकरनगर में जिलाध्यक्ष अमित कुमार वर्मा व प्रदेश सचिव अमित जायसवाल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
रायबरेली में जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी और शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव के नेतृत्व में आजादी गौरव यात्रा का आयोजन सभी ब्लाक में हुआ। प्रयागराज में जिलाध्यक्ष अरुण तिवारी, अमेठी में प्रदीप सिंघल, सुलतानपुर में अभिषेक राणा, बाराबंकी में तनुज पुनिया व जिलाध्यक्ष मो.मोहसिन, हरदोई में आशीष सिंह की अगुआई में यात्रा निकली।