यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Congress Protest In UP: प्रयागराज तथा रायबरेली में भी सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, महंगाई तथा बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन
Congress Protest In UP केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। लखनऊ में पूर्व एमएलसी ...और पढ़ें

लखनऊ, जेएनएन। देश में लगातार बढ़ती महंगाई तथा बेरोजागारी को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन के क्रम में उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेसी सड़कों पर उतरे। लखनऊ के साथ ही प्रयागराज, मथुरा, आगरा तथा अन्य जिलों में कांग्रेस के नेताओं ने प्रदर्शन किया। इनको सांकेतिक रूप से गिरफ्तार किया गया है।
बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आज प्रदेश में कांग्रेस के नेता सड़कों पर उतरे। लखनऊ में पूर्व एमएलसी दीपक सिंह के साथ कई नेताओं ने सचिवालय के घेराव किया। जिसके बाद उनको गिरफ्तार कर ईको गार्डन में भेजा गया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठी तो उनके साथ सासंद राहुल गांधी समेत कई अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इको गार्डन में पुलिस हिरासत में दीपक सिंह ने कहा कि भाजपा की अहंकारी सरकार को याद रहना चाहिए कि सत्ता की ताकत से कांग्रेस की आवाज अब नहीं रुकेगी।

पूर्व एमएलसी दीपक सिंह के साथ कई नेताओं ने सचिवालय के घेराव किया
प्रयागराज में केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। प्रशासन ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद महर्षि भरद्वाज चौराहा पर शुक्रवार की दोपहर सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हो गए। सड़क पर बैठकर केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नेताओं से प्रदर्शन खत्म करके सड़क खाली करने का आग्रह किया, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इस पर पुलिस ने सबको जबरन उठाना शुरू कर दिया। दो दर्जन से अधिक नेताओं को हिरासत में लेकर सड़क खाली कराई गई।
मथुरा में कांग्रेसियों ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। होली गेट चौराहा पर पूर्व विधायक तथा कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर समेत 30 कांग्रेसियों को गिरफ्तार भी किया गया। फिरोजाबाद में हाईकमान के निर्देश पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने महंगाई, बेरोजगारी, आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी लगाने के विरोध में नालबंद चौराहे से गांधी पार्क तक राष्ट्र व्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया था। यहां कांग्रेसी नालबंद से जुलूस शुरू करते, उससे पहले ही थाना दक्षिण व रामगढ़ पुलिस ने महानगर अध्यक्ष हाजी साजिद वेग सहित आधा दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यालय से हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में कांग्रेस के नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। सांसद सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा के साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी के नेता भी नेतृत्व में शुक्रवार को महंगाई और धरना पर बैठे तो पुलिस ने इनको उठाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तिलक भवन कार्यालय से 300 कांग्रेसियों को पकड़ा। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेसियों का हो हल्ला बंद हुआ।
